सुपौल के राघोपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 360 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, लगातार चौथे दिन चला अभियान
Supaul : जिले के राघोपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार चौथे दिन बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नगर पंचायत सिमराही के गांधीनगर वार्ड नंबर-08 में एक घर के पीछे स्थित स्टोर रूम से विभिन्न ब्रांड की 360 लीटर 120 एमएल विदेशी शराब बरामद की है।
मौके से एक आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस बल को अपनी ओर आते देख एक व्यक्ति पीछे के रास्ते से भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांधीनगर वार्ड नंबर-08 निवासी सोरभ आनंद उर्फ लल्लू प्रधान (32) के रूप में हुई है।
विभिन्न ब्रांड्स की भारी खेप बरामद
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में की गई विधिवत तलाशी के दौरान ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की, हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर, रॉयल स्टैग, सिग्नेचर, वोदका, ब्लेंडर्स प्राइड और बकार्डी जैसी मशहूर ब्रांड्स की भारी मात्रा में बोतलें और पेटियां बरामद की गईं।
पश्चिम बंगाल कनेक्शन की आशंका
पुलिस के शुरुआती अनुसंधान में बरामद शराब की बोतलों पर पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए होने का उल्लेख पाया गया है। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि इस अवैध खेप को पश्चिम बंगाल से लाकर बिहार में खपाने की योजना थी।
प्राथमिकी दर्ज और आगे की जांच
पुलिस ने इस मामले में राघोपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट