सुपौल में बड़ा हादसा: सड़क किनारे अचानक गिरा विशाल कदंब का पेड़, बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
Supaul : जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां निर्मली अनुमंडल कार्यालय से मरौना प्रखंड कार्यालय के बेलही जाने वाली मुख्य सड़क पर अचानक विशालकाय कदंब का पेड़ गिर गया। यह घटना एक पुल से कुछ दूरी पहले स्थित दवा दुकान के सामने घटी, जहां सड़क किनारे खड़ा पुराना पेड़ बिजली के तारों को तोड़ता हुआ सीधे सड़क पर जा गिरा। हादसे के वक्त वहां से गुजर रहा बाइक सवार 19 वर्षीय युवक पेड़ की चपेट में आ गया और मोटरसाइकिल समेत उसके नीचे दब गया।
स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला बाहर, अस्पताल में घोषित मृत
अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवक को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला गया और अत्यंत गंभीर स्थिति में इलाज के लिए निर्मली अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
छजना गांव से अपने घर लौट रहा था मृतक दीपक कुमार
मृतक युवक की पहचान मरौना उत्तर पंचायत के कमरैल गांव स्थित कराराही टोला निवासी सत्य नारायण चौपाल के 19 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दीपक बाइक से छजना गांव गया हुआ था और वहां से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक पेड़ गिरने से वह इस हादसे का शिकार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर और दुर्घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
बिना आंधी-तूफान के गिरा विशाल पेड़, सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय निवासियों के अनुसार, घटना के समय मौसम पूरी तरह से सामान्य था। न तो कोई तेज हवा चल रही थी और न ही आंधी-तूफान जैसी स्थिति थी। सामान्य आवागमन के बीच अचानक विशाल पेड़ के गिरने से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। इस हादसे के बाद से सड़कों के किनारे खड़े पुराने, जर्जर और विशालकाय पेड़ों की सुरक्षा व देखरेख को लेकर भी लोगों के बीच चिंता और चर्चा शुरू हो गई है।
परिजनों में मचा कोहराम, जनप्रतिनिधियों ने की मुआवजे की मांग
दीपक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों—पंचायत समिति प्रतिनिधि ओम प्रकाश शर्मा, मुखिया रविंद्र कुमार एवं जितेंद्र यादव ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को सरकारी नियमानुसार तत्काल उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट