सीमा सुरक्षा सुदृढ़ करने के लिए 45वीं वाहिनी एसएसबी बीरपुर में समन्वय बैठक, अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर रोकथाम पर जोर
Supaul : जिले के बीरपुर स्थित 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मुख्यालय में सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रक मुख्यालय, पूर्णिया के उप महानिरीक्षक (DIG) मधुकर अमिताभ ने की। बैठक में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा चुनौतियों से निपटने और विभिन्न सुरक्षा व प्रशासनिक एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर रोकथाम पर जोर
बैठक के दौरान सीमावर्ती इलाकों में होने वाले अपराध, तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों ने सीमा पर चौकसी बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और सूचना एवं खुफिया तंत्र को अधिक मजबूत करने पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही विभिन्न एजेंसियों के बीच इंटेलिजेंस शेयरिंग और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान को सुचारू बनाने पर सहमति बनी।
ATS DIG और सुपौल DM ने साझा किए विचार
इस उच्चस्तरीय समन्वय बैठक में बिहार पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक में पटना से आए एटीएस के उपमहानिरीक्षक (DIG) सुशांत कुमार सरोज तथा सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने भी सहभागिता की। दोनों अधिकारियों ने प्रभावी सीमा प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय प्रशासन व सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
त्वरित सूचना आदान-प्रदान को बताया आवश्यक
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी भी सुरक्षा खतरे या आपराधिक गतिविधि से निपटने के लिए एजेंसियों के बीच त्वरित सूचना का आदान-प्रदान अत्यंत आवश्यक है। अधिकारियों ने अपने-अपने स्तर से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक व्यावहारिक व असरदार बनाने के लिए रणनीति तैयार की, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
साझा रणनीति से सुरक्षित होगी भारत-नेपाल सीमा
इस समन्वय बैठक का मुख्य ध्येय सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए किसी भी प्रकार की आपराधिक एवं अवैध गतिविधि पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा। बीरपुर में आयोजित इस बैठक से एसएसबी, पुलिस, एटीएस और जिला प्रशासन के बीच आपसी सामंजस्य और अधिक मजबूत होगा, जिससे सीमा पार से होने वाली अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट