14 वर्षीय किशोरी की फांसी के फंदे से झूलती मिली लाश : रील बनाने से मना करने को लेकर थी नाराज, मामले की जांच मे जुटी पुलिस
सुपौल जिले में एक 14 वर्षीय किशोरी द्वारा रील बनाने से मना करने पर सुसाइड किये जाने का मामला सामने आया है। फिलहाल पुलिस लाश को कब्जे में लेकर मामले की जांच मे जुटी है.....
Supaul : जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहकुड़वा (वार्ड संख्या-9) में रविवार को 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान संतोष सादा की पुत्री सोनी कुमारी के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
रील बनाने से मना करने पर हुई थी नाराजगी
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतका मोबाइल पर रील बनाने और देखने में काफी समय बिताती थी। शनिवार रात जब परिजनों ने उसे रील बनाने से मना किया, तो वह नाराज होकर अपने कमरे में चली गई और अंदर से कुंडी लगा ली। परिजनों का दावा है कि कुछ समय बाद जब कमरे का दरवाजा खोला गया, तो उसने ओढ़नी के सहारे फंदा लगा लिया था और उसकी हालत गंभीर थी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम कराकर शव सौंपा
त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का दौरा कर आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं।
लिखित आवेदन का इंतजार, जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत या आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस सभी संभावित और तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट