सुपौल में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरो पर प्रशासन का हथौड़ा : 6 संस्थान सील; सरकारी सील तोड़ने पर संचालक को पुलिस ने हिरासत मे लिया

सुपौल जिले में अवैध रुप से संचालित अल्ट्रा साउंडो सेंटरो पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम के नेतृत्व में छापेमारी दल ने जिले के करजाइन बाजार में संचालित 6 अल्ट्रा साउंड सेंटरो को सील कर दिया है.....

सुपौल में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरो पर प्रशासन का हथौड़ा : 6
सुपौल में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरो पर प्रशासन का हथौड़ा- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत करजाइन बाजार में रविवार देर शाम प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से संचालित हो रहे क्लीनिकों और अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। वीरपुर एसडीएम विनय कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस छापेमारी अभियान में उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप संचालित छह अलग-अलग स्वास्थ्य संस्थानों को सील कर दिया गया। इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद पूरे इलाके के अवैध स्वास्थ्य संचालकों में हड़कंप मच गया है।


एसडीएम और रेफरल अस्पताल प्रभारी की मौजूदगी में 6 संस्थान सील 

बीते रविवार की रात लगभग 8 बजे शुरू हुए इस छापेमारी अभियान में राघोपुर अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, राघोपुर रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार द्विवेदी तथा करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस बल के साथ शामिल रहे। जांच के दौरान बालाजी अल्ट्रासाउंड, स्टार अल्ट्रासाउंड, डॉ. नूर आलम का क्लीनिक, नेशनल मेडिकल एजेंसी तथा डॉ. अनिल कुमार मेहता के जनरल फिजिशियन क्लीनिक सहित कुल छह संस्थानों के कागजात और संचालन संबंधी दस्तावेज संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही सील कर दिया गया।


लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने उठाया सख्त कदम 

कार्रवाई की जानकारी देते हुए वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि करजाइन बाजार और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से गैर-कानूनी ढंग से बिना किसी वैध लाइसेंस के अल्ट्रासाउंड सेंटर एवं क्लीनिक चलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद यह संयुक्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित संस्थानों के दस्तावेजों की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सील करने के तीन घंटे बाद तोड़ी गई सरकारी सील, मचा बवाल 

प्रशासनिक कार्रवाई के महज तीन घंटे बाद, रात लगभग 11 बजे एक सील किए गए अल्ट्रासाउंड सेंटर की सरकारी सील तोड़े जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया। मकान मालिक के पुत्र रोहित कुमार ने जब सेंटर का ताला खुलते और सील टूटते देखा, तो उन्होंने सेंटर संचालक से इस संबंध में पूछताछ की, जिस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद रोहित कुमार ने अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।


पुलिस ने आरोपी संचालक को लिया हिरासत में, जांच तेज 

सूचना मिलते ही करजाइन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए सील तोड़ने के आरोपी सेंटर संचालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई और फिर सील तोड़े जाने की घटना से देर रात तक करजाइन बाजार में चर्चाओं का माहौल गर्म रहा।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट