नागपंचमी और तीसरी सोमवारी पर कैलाशपुरी मेले में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुरक्षा व्यवस्था मे प्रशासन रही मुस्तैद
नागपंचमी और सावन की तीसरी सोमवारी के दुर्लभ संयोग पर सोमवार को सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध कैलाशपुरी मेला परिसर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान मंदिर परिसर में पारंपरिक भगैत कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसका श्रद्धालुओं ने आनंद लिया
Supaul : नागपंचमी और सावन की तीसरी सोमवारी के दुर्लभ संयोग पर सोमवार को जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत पथरा उत्तर पंचायत स्थित प्रसिद्ध कैलाशपुरी मेला परिसर में आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तड़के से ही माता बिषहरी मंदिर और शिव-पार्वती मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुपौल ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों से पहुँचे भक्तों ने माता बिषहरी को दूध-लावा चढ़ाया और भगवान शिव-पार्वती का जलाभिषेक कर मनोकामनाएँ माँगीं।
एसडीएम और विधायक ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा
भीड़ और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नज़र आया। मेला समिति के स्थायी अध्यक्ष सह सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहू और स्थानीय विधायक रामविलास कामत ने मंदिर पहुँचकर पूजा-अर्चना की और व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। पिपरा थानाध्यक्ष सह उपाध्यक्ष किशोर कुमार तथा प्रभारी अंचलाधिकारी सुभाषचंद्र चौधरी पुलिस बल और वॉलिंटियर्स के साथ परिसर में लगातार गश्त करते रहे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनी रही।
भगैत कार्यक्रम से गुंजायमान हुआ परिसर, लंगर व शीतल जल से भक्तों को मिली राहत
धार्मिक अनुष्ठानों के क्रम में मंदिर परिसर में पारंपरिक भगैत कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसका श्रद्धालुओं ने भरपूर आनंद लिया। भीषण गर्मी को देखते हुए मेला सचिव सुनील कुमार और समिति की ओर से शीतल पेयजल तथा महाप्रसाद के रूप में हलुआ, पूरी व सब्जी के लंगर की व्यवस्था की गई। इस सुविधा से दूर-दराज़ से आए भक्तों को काफी सहूलियत हुई।
स्थानीय प्रतिनिधियों व समिति सदस्यों के सहयोग से सफल रहा आयोजन
आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मेला समिति के सदस्यों ने दिन-रात एक कर दिया। मुखिया मशरुदीन, पूर्व मुखिया हेम नारायण मंडल, निर्मली मुखिया हरिनंदन मंडल, सरपंच शिवशंकर मंडल, पैक्स अध्यक्ष अरुण प्रसाद मंडल सहित कई गणमान्य लोग पूरे दिन परिसर में व्यवस्था सँभालते रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का निरंतर ध्यान रखे जाने से पूरा मेला शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट