कोसी नदी में स्नान के दौरान 15 वर्षीय किशोर डूबा : पुलिस और स्थानीय गोताखोरों नही लगा सके पता, बुलाई गई एनडीआरएफ की टीम

कोसी नदी में स्नान के दौरान 15 वर्षीय किशोर डूबा : पुलिस और
कोसी नदी में स्नान के दौरान 15 वर्षीय किशोर डूबा - फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के मरौना अंचल क्षेत्र स्थित घोघररिया घाट पर सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर कोसी नदी में स्नान करने व जल भरने के दौरान एक 15 वर्षीय किशोर डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लापता किशोर की पहचान कमरैल पंचायत के शिखरखरिया गांव (वार्ड नंबर 6) निवासी छोटे लाल मुखिया के पुत्र सुशील मुखिया के रूप में हुई है।


मिली जानकारी के अनुसार, सुशील अपने दोस्तों के साथ घोघररिया घाट स्थित महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करने आया था। इसी दौरान वह नदी में स्नान करने लगा और गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गया।


पुलिस और स्थानीय गोताखोरों द्वारा खोज जारी

घटना की सूचना मिलते ही कमरैल नदी थाना के थानाध्यक्ष सुमित कुमार भारती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थानीय नाविकों व गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई। काफी दूर तक तलाश करने के बावजूद देर शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी डॉ. राजीव रंजन और दिलीप यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण घाट पर पहुँचे।


NDRF टीम बुलाने की प्रक्रिया शुरू

मरौना के अंचल अधिकारी (CO) अभिजीत कुमार ने बताया कि स्थानीय स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम को बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


प्रशासनिक टीम लगातार घटनास्थल पर मौजूद है। अधिकारियों ने सावन सोमवारी पर घाट पहुँचे श्रद्धालुओं से गहरे पानी में न जाने तथा बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील की है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट