Bihar News : सिवान पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन', 1650 लीटर विदेशी शराब और स्मैक किया बरामद, ट्रक-कार समेत चार तस्कर को किया गिरफ्तार

Bihar News : सिवान पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन', 1650 लीटर विदेशी
सिवान पुलिस की कार्रवाई - फोटो : TABISH

SIWAN : जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ सिवान पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशों के बाद विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 1650.60 लीटर अवैध विदेशी शराब और 32 पुड़िया स्मैक बरामद की है। इस सघन छापेमारी में पुलिस ने हरियाणा के एक तस्कर और एक महिला समेत कुल चार अभियुक्तों को दबोचने में सफलता हासिल की है। अपराधियों के पास से एक 12 चक्का ट्रक, एक स्कॉर्पियो और एक लग्जरी कार भी जब्त की गई है। अभियान के दौरान सबसे बड़ी सफलता गुठनी थाना पुलिस को मिली। 16 मार्च 2026 को गुठनी चौराहा पर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक 12 चक्का संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक के भीतर गुप्त तहखाने से 829.440 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से सारण जिले के दरियापुर निवासी नंदकुमार राय को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस बड़ी खेप के 'बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक' खंगाल रही है ताकि शराब सिंडिकेट के मुख्य सरगनाओं तक पहुँचा जा सके।

शराब तस्करी के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई महादेवा थाना क्षेत्र में हुई। 15 मार्च को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने झुनापुर मोड़ के पास घेराबंदी की। इस दौरान गोपालगंज की ओर से आ रही एक कार की जांच की गई, जिसमें से 432.9 लीटर विदेशी शराब मिली। पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के जींद जिले के निवासी प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया है। वहीं, गोरेयाकोठी थाना पुलिस ने अफराद मोड़ पर एक सफेद स्कॉर्पियो से 388.26 लीटर शराब जब्त कर दरौली निवासी प्रभात कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। न केवल शराब, बल्कि जिले में पैर पसार रहे ड्रग्स माफियाओं पर भी पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। गुठनी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम मटीकोडवा में स्मैक का धंधा फल-फूल रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी कर एक महिला को 32 पुड़िया स्मैक के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। महिला के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

वहीँ सिवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जो चोरी की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को दरौली थाना पुलिस टीम द्वारा दरौली-गुठनी मुख्य मार्ग स्थित उकरेड़ी मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर बाइक छोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ब्यास यादव, पिता स्व० सोरठ यादव, निवासी ककरिया डीह, थाना-दरौली, जिला-सिवान बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। जब पुलिस ने मोटरसाइकिल के कागजात मांगे तो आरोपी ने बताया कि मोटरसाइकिल चोरी की है।

इस संबंध में दरौली थाना में धारा 303(2) / 317(2) एवं 25(1-बी) ए/26 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त ब्यास यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ दरौली और गुठनी थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट और अवैध शराब से जुड़े 20 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अविनाश झा, पु.अ.नि. विवेक कुमार, सिपाही शत्रुधन कुमार, चंदन कुमार ठाकुर, रविन्द्र कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। SP पूरन कुमार झा के निर्देश पर जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट