सिवान: हत्यारा पति बना दूल्हा! पत्नी को मारकर NH किनारे फेंका और 12 दिन बाद कर ली दूसरी शादी

Bihar Crime News: सिवान जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और महज 12 दिन बाद दूसरी शादी रचा ली,आराध्या के पिता ने नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की तहकीका

husband kills wife remarries within12 days

बिहार के सिवान जिले से रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ एक इंजीनियर ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के सहसा गांव निवासी दीपक कुमार ने 12 अप्रैल को अपनी पत्नी आराध्या कुमारी को बाइक पर बैठाकर कहीं ले गया, जिसके बाद से आराध्या रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई और उसका मोबाइल भी बंद हो गया। काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो आराध्या के पिता ने नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू की।


पूछताछ में कबूला जुर्म, NH किनारे बोरे में मिला शव

पुलिस ने शक के आधार पर पति दीपक कुमार को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद शव को एक बोरे में बंद किया और बसंतपुर थाना क्षेत्र के सहरकोला लहेजी NH-227A के किनारे फेंक दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से सड़े-गले हालत में आराध्या का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


हत्या के महज 12 दिन बाद रचाई दूसरी शादी

इस पूरे हत्याकांड का सबसे हैरान करने वाला पहलू आरोपी की संवेदनहीनता है। पत्नी की हत्या करने के मात्र 12 दिन बाद ही, 21 अप्रैल को दीपक ने दूसरी शादी रचा ली। उसने पचरूखी थाना क्षेत्र की रहने वाली पिंकी कुमारी से विवाह किया और सामान्य जीवन जीने लगा। इस खुलासे ने न केवल मृतका के परिजनों बल्कि पूरे इलाके के लोगों को सन्न कर दिया है। लोग इस बात से हैरान हैं कि कोई इतना बड़ा जघन्य अपराध कर इतनी जल्दी दूसरी शादी कैसे कर सकता है।


पुलिस जांच में जुटी, असली वजह की तलाश

फिलहाल पुलिस आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं पर भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस हत्या के पीछे दूसरी शादी की योजना पहले से ही बनी हुई थी या कोई और विवाद था। साथ ही, इस बात की भी जांच हो रही है कि इस हत्याकांड में दीपक के अलावा परिवार का कोई और सदस्य या बाहरी व्यक्ति शामिल तो नहीं है।