Siwan Cooperation Camp: सिवान के पंचायतों में सहयोग शिविर, मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता की मौजूदगी में समस्याओं का हुआ समाधान

Siwan Cooperation Camp: सिवान के कई पंचायतों में लगे सहयोग शिविर में लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता भी मौजूद रहे।

सहयोग शिविर में लोगों को मिली राहत
Siwan Cooperation Camp- फोटो : news4nation

Siwan Cooperation Camp: बिहार के सिवान जिले में आज 19 मई 2026 को कई पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मकसद लोगों की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही करना था ताकि आम लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।सिवान सदर प्रखंड के सियाड़ी पंचायत और हुसैनगंज प्रखंड के सिद्धवल पंचायत में आयोजित इस शिविर में बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री और सिवान जिले के प्रभारी मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता खुद पहुंचे। उनके साथ प्रभारी सचिव धर्मेंद्र सिंह, जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा पहुंचे। लोगों ने जमीन विवाद, राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का मकसद सिर्फ आवेदन लेना नहीं है, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को खत्म करना है।उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। अब सरकार खुद गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेगी और उनका समाधान करेगी।

सहयोग शिविर का आयोजन

इसी तरह पचरुखी प्रखंड के भटवलिया और उखई पंचायत में भी सहयोग शिविर लगाया गया। भटवलिया पंचायत में कुल 72 आवेदन आए, जिनमें से 62 मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।सबसे ज्यादा सफलता उखई पंचायत में देखने को मिली। यहां कुल 63 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 61 मामलों का समाधान शिविर के दौरान ही कर दिया गया। सिर्फ दो मामले विभागीय जांच के कारण लंबित रहे। इसके अलावा 10 नए आवेदन भी मिले, जिन्हें तुरंत सहयोग पोर्टल पर दर्ज किया गया।शिविर में पहुंचे एक बुजुर्ग ने कहा कि उन्होंने पहली बार देखा कि सरकारी अधिकारी खुद गांव आए और लोगों की समस्याओं का तुरंत समाधान किया। आज के इस सहयोग शिविर ने सिवान जिले में प्रशासन और जनता के बीच भरोसा मजबूत करने का काम किया। गांव-गांव में लोगों के बीच यही संदेश गया कि लोकतंत्र तभी मजबूत होता है जब सरकार खुद जनता तक पहुंचे।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट