खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: बिना लाइसेंस चल रहे प्रतिष्ठान पर छापा, रसगुल्ले के टब में मिली मरी हुई मक्खियां और कीड़े
'सीवान के थाली, शुद्ध होबे हमार छठ-दीवाली' विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। विभाग ने एक मिठाई प्रतिष्ठान की औचक जांच की। जांच के दौरान मिठाई निर्माण में भारी अनियमितताएं और गंभीर लापरवाही सामने आईं...
Siwan : जिले के सदर के अनुमंडल पदाधिकारी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संतोष कुमार सिन्हा और खाद्य संरक्षा अधिकारी विपुल कुमार ने एक मिठाई प्रतिष्ठान की औचक जांच की। जांच के दौरान मिठाई निर्माण में भारी अनियमितताएं और गंभीर लापरवाही सामने आईं, जहां निर्माण स्थल पर साफ-सफाई का पूरी तरह अभाव था और खाद्य सामग्री का निर्माण व भंडारण बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जा रहा था।
रसगुल्ले के टब में मिली मरी हुई मक्खियां, दो टब रसगुल्ला और चाशनी नष्ट
जांच दल को निरीक्षण के दौरान रसगुल्ले से भरे टब में मरी हुई मक्खियां और कीड़े मिले, जो ग्राहकों की सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रसगुल्ले से भरे दो टब और चाशनी का एक टब मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा संदिग्ध पाए गए पनीर का नमूना (सैंपल) लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया गया है।
बिना वैध FSSAI पंजीकरण के चल रहा था कारोबार
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि संबंधित प्रतिष्ठान के पास खाद्य कारोबार के वैध संचालन के लिए आवश्यक FSSAI पंजीकरण या लाइसेंस तक नहीं था। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत इस अवैध संचालन और अनियमितताओं को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया तेजी से की जा रही है।
'सीवान के थाली, शुद्ध होबे हमार छठ-दीवाली' विशेष अभियान के तहत कार्रवाई
जिला प्रशासन द्वारा आगामी दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को ध्यान में रखते हुए 'सीवान के थाली, शुद्ध होबे हमार छठ-दीवाली' नाम से एक विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्योहारी सीजन में आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी खाद्य कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों से अपील- खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का रखें विशेष ध्यान
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की है कि वे दीपावली और छठ पर्व के दौरान बाजार से मिठाई या अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, साफ-सफाई और प्रतिष्ठान की विश्वसनीयता का विशेष रूप से ध्यान रखें, ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी असुविधा से बचा जा सके।