Bihar Rain Alert:ठनका गिरने से 6 मौतें, बिहार में बारिश बनी आफत, कोसी उफान पर, कई इलाकों में जलजमाव से परेशानी

Bihar Rain Alert: बिहार में मानसून की बारिश जहां लोगों को गर्मी से राहत दे रही है, वहीं कई इलाकों में यह आफत बनकर भी सामने आ रही है। ...

Lightning Strikes Kill 6 in Bihar Heavy Rain Disrupts Life
ठनका गिरने से 6 मौतें- फोटो : reporter

Bihar Rain Alert: बिहार में मानसून की बारिश जहां लोगों को गर्मी से राहत दे रही है, वहीं कई इलाकों में यह आफत बनकर भी सामने आ रही है। सोमवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में ठनका गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें भोजपुर जिले के आरा में चार और सीवान में दो लोगों की जान चली गई। हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

भोजपुर जिले में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। बरनांव पंचायत के वार्ड सदस्य 51 वर्षीय भिखारी यादव की खेत में काम करने के दौरान ठनका गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीरो प्रखंड में किसान ज्ञानचंद सिंह भी वज्रपात की चपेट में आ गए और उनकी जान चली गई।इसके अलावा गड़हनी प्रखंड में बीए पार्ट-1 की छात्रा नंदनी कुमारी की ठनका गिरने से मौत हो गई। चरपोखरी में खेत में काम कर रहे 30 वर्षीय गोविंद कुमार भी वज्रपात की चपेट में आ गए। गोविंद कुमार खरांटी गांव निवासी कामता सिंह के पुत्र थे।

सीवान जिले में भी ठनका गिरने से दो लोगों की मौत हुई है। जीरादेई प्रखंड की चंदौली-गंगोली पंचायत के गंगोली गांव में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, असांव थाना क्षेत्र के अर्कपुर पंचायत अंतर्गत घटैला गांव में खेत में काम करने के दौरान ठनका गिरने से एक बुजुर्ग की जान चली गई।उधर, लगातार बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। नेपाल के तराई क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश का असर सुपौल में देखने को मिल रहा है। कोसी नदी उफान पर है। मंगलवार सुबह कोसी बराज से करीब 2,03,265 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिससे नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

सोमवार को राजधानी पटना समेत राज्य के करीब 10 जिलों में रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा। जमालपुर-किऊल रेलखंड के कजरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर पानी भर गया, जिसके कारण रेलवे को कई ट्रेनों को लगभग दो घंटे तक अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा।भागलपुर-सूरत सुपरफास्ट, जमालपुर-किऊल डीएमयू और गया-जमालपुर पैसेंजर समेत कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। बाद में पानी कम होने पर ट्रेनों को धीमी रफ्तार से रवाना किया गया।

वहीं, गया में बारिश के बाद राज्य के बड़े अस्पतालों में शामिल अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में जलजमाव की स्थिति बन गई। अस्पताल के मुख्य द्वार और इमरजेंसी वार्ड के आसपास पानी जमा होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की है।