Bihar News : सिवान में हथियार के बल पर लूटपाट करने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार, हथियार और जिंदा कारतूस पुलिस ने किया बरामद

Bihar News : हथियार के बल पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले पांच आरोपियों को महादेवा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

Bihar News : सिवान में हथियार के बल पर लूटपाट करने वाले पांच
बदमाश गिरफ्तार - फोटो : TABISH

SIWAN : सिवान में हथियार के बल पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले पांच आरोपियों को महादेवा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक चाकू और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक बोलेरो गाड़ी भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि चकिया गांव की ओर एक बोलेरो गाड़ी में सवार पांच लोग अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही महादेवा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चकिया पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।

इसी दौरान चकिया गांव की तरफ से आ रही बोलेरो पुलिस वाहन को देखकर भागने की कोशिश करने लगी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गाड़ी को रोक लिया और उसमें सवार पांचों लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कुमार उर्फ विशाल यादव, सन्नी कुमार, विशाल कुमार, ऋतिक कुमार और संदीप कुमार के रूप में हुई है। इनमें कुछ आरोपी सीवान जिले के महादेवा, मुफस्सिल और बड़हरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी भोजपुर जिले का निवासी है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिस्टल और चाकू लेकर एक साथ निकलते थे और सुनसान जगहों पर अकेले राहगीरों को हथियार का भय दिखाकर लूटपाट करते थे। तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी विशाल कुमार उर्फ विशाल यादव के पहने पैंट से एक देशी पिस्टल और मैगजीन से चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं, सन्नी कुमार के पास से एक चाकू मिला।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार विशाल कुमार उर्फ विशाल यादव का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ महादेवा थाने में दो मामले दर्ज हैं। इस मामले में महादेवा थाना पुलिस ने बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की है।बरामदगी में एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक चाकू, चार मोबाइल फोन और एक बोलेरो वाहन शामिल हैं।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट