Bihar News : पति की हत्या के सदमे में पत्नी ने भी तोड़ा दम, दो मासूम बच्चों की हालत नाजुक, वाराणसी में चल रहा इलाज

Bihar News : पति की हत्या के सदमे में पत्नी ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया. वहीँ दो बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है.......पढ़िए आगे

Bihar News : पति की हत्या के सदमे में पत्नी ने भी तोड़ा दम, द
पति की हत्या, पत्नी की सदमे से मौत - फोटो : RANJAN

SASARAM: सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद में एक परिवार पूरी तरह बिखर गया है। पिछले महीने अपने पति की नृशंस हत्या से टूटी रेशमा खातून ने बीते कल अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहर खा लिया था। वाराणसी में इलाज के दौरान आज रेशमा की मौत हो गई, जबकि उनके दो छोटे बच्चों की स्थिति अब भी बेहद नाजुक बनी हुई है। इस घटना ने पूरे इलाके को शोक और सन्नाटे में डुबो दिया है।

दरअसल, यह पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। बीते 24 मार्च को दिनदहाड़े मुरादाबाद में हसन रजा खान नामक युवक की जमीन खरीद-बिक्री के विवाद में चार लोगों ने मिलकर बेरहमी से पिटाई की थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। बीच सड़क पर हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद से ही हसन की पत्नी रेशमा खातून गहरे सदमे में थीं। न्याय की गुहार और पति को खोने के गम ने उन्हें इस कदर विचलित कर दिया कि उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया।

रेशमा खातून ने न केवल खुद जहर खाया, बल्कि अपनी 4 साल की बेटी तैयबा और महज डेढ़ साल के बेटे हमजद को भी जहर दे दिया। आनन-फानन में तीनों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया था, जहाँ मां ने तो दम तोड़ दिया, लेकिन दोनों मासूम अब भी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। एक साथ परिवार के दो स्तंभों के ढह जाने से घर में कोहराम मचा हुआ है।

प्रशासनिक स्तर पर इस मामले को लेकर सरगर्मी तेज है। SDPO-2 कुमार वैभव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हसन रजा खान हत्याकांड में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही कुछ मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब महिला द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के बाद पुलिस पूरे प्रकरण की फिर से सूक्ष्मता से जांच कर रही है ताकि परिवार को न्याय मिल सके। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। 

रंजन की रिपोर्ट