Bihar Accident:विसर्जन जुलूस पर काल बनकर आया ट्रक, 2 युवकों की मौत, 5 से ज्यादा घायल, लोगों ने ट्रक फूंका

प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीषण सड़क हादसा हो गया।

Sasaram Accident
काल बनकर आया ट्रक- फोटो : reporter

Bihar Accident: सासाराम के अमझोर थाना क्षेत्र के रमडीहरा गांव में विश्वकर्मा पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-2C पर प्रतिमा लेकर सोन नदी की ओर जा रहे ट्रैक्टर को गिट्टी लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक युवक घायल हो गए। घायलों में दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान आशीष शर्मा और अजीत चंद्रवंशी के रूप में हुई है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल लाया गया है। बताया जाता है कि रमडीहरा गांव में विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा स्थापित की गई थी। पूजा-अर्चना के बाद गांव के युवक प्रतिमा को ट्रैक्टर पर लेकर विसर्जन के लिए सोन नदी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-2C पर तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि चालक की पहचान कर ली गई है।

घायलों को आनन-फानन में अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। दो युवकों को सासाराम सदर अस्पताल लाया गया, जबकि दो घायलों को गंभीर स्थिति में वाराणसी रेफर किए जाने की बात सामने आई है। अन्य घायल युवकों को जमुहार मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया गया है।हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के बाद ट्रक में आग लगाने की घटना को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- रंजन कुमार