चाचा के घर चोरी कर भाग रहे भतीजे को लुटेरों ने लूटा, पुलिस ने किया दोहरी वारदात का खुलासा

बिहार के रोहतास जिले में 'चोर के घर चोरी' का फिल्मी मामला सामने आया है। अपने ही चाचा के घर से 12 लाख की संपत्ति चोरी कर भाग रहे भतीजे को ई-रिक्शा चालक ने लूट लिया। पुलिस ने मामले का उद्वेदन करते हुए लूटे गए गहने और नकदी बरामद कर ली है।

चाचा के घर चोरी कर भाग रहे भतीजे को लुटेरों ने लूटा, पुलिस न

Sasaraam - बिहार के रोहतास जिले के डेहरी स्थित डालमियानगर से अपराध का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक ऐसी गुत्थी सुलझाई है जिसमें चोर के साथ ही लूटपाट हो गई। इस मामले में पुलिस ने चोरी गए आभूषण, नकदी और हथियार बरामद करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

भतीजे ने ही की थी 12 लाख की चोरी

मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी गौरव यादव ने बताया कि बीते 16 मार्च को नंदकुमार नामक व्यक्ति ने अपने घर से 4 लाख रुपये नकद और करीब 8 लाख रुपये के गहने चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में चौंकाने वाला सच सामने आया कि चोरी किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि पीड़ित के सगे भतीजे नितिन कुमार ने ही की थी।

चोर भतीजा खुद हुआ लूट का शिकार

नितिन ने चोरी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए एक साइबर कैफे की मदद ली और 1 लाख रुपये अपने खाते में जमा करा दिए। जब वह बाकी के 3 लाख रुपये और गहने लेकर ई-रिक्शा से लौट रहा था, तभी किस्मत ने पलटी मारी। ई-रिक्शा चालक राजू कुमार और उसके एक सहयोगी ने नितिन के साथ मारपीट की और उससे चोरी का सारा माल (नकदी और गहने) लूट लिया।

पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी

पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित बरामदगी की है:

  • आभूषण: लगभग 8 लाख रुपये के चोरी हुए संपूर्ण गहने।

  • नकदी: 3.5 लाख रुपये (1 लाख खाते वाला और 2.5 लाख बरामद)।

  • हथियार: नितिन के पास से एक देसी कट्टा और 6 जिंदा कारतूस।

  • वाहन: वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा।

  • गिरफ्तारी

पुलिस ने इस मामले में चोर भतीजे नितिन कुमार, ई-रिक्शा चालक राजू कुमार और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही, एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) को भी निरुद्ध किया गया है।