एमपी का बैंक लूटेरा डेहरी स्टेशन से गिरफ्तार, लूट के 20 लाख कैश और जेवरात बरामद
Bihar : बिहार के रेल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रेल पुलिस ने मध्य प्रदेश में बैंक लूट की घटना को अंजाम देने वाले एक लूटेरा को सासाराम के डेहरी स्टेशन से गिरफ्तार किया है। इसके पास लूट के कैश बरामद हुआ है....
Bihar : बिहार में ट्रेनों के माध्यम से दूसरे राज्यों से मादक पदार्थ और अवैध शराब तस्करी का खेल रोकने को लेकर रेल पुलिस का तलाशी अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिहार के रोहतास जिले के डेहरी स्टेशन से एक बैंक लूटेरा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इसके पास से भारी मात्रा में कैश और जेवरात बरामद किया है।
दरअसल डेहरी रेलवे स्टेशन पर पुलिस सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोक कर उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी में बैग के अंदर का नजारा देखकर रेल पुलिस की आंख फटी की फटी रह गई। बैग से 20 लाख रुपया कैश और भारी मात्रा में जेवरात बरामद किया।
गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में अपना नाम 20 वर्षीय कमलेश कुमार बतलाया है। वही रेल पुलिस की सख्ती से पूछताछ में गिरफ्तार कमलेश कुमार ने बताया कि बरामद 20 लाख कैश और सोने के जेवरात मध्य प्रदेश सिंगरौली जिले के बेढना स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा से लूटा गया था। जिसमें वह भी शामिल था।
रेल पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश पुलिस से संपर्क साध गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर सौंप दिया है।
इस मामले की जानकारी देते हुए रेल मुख्यालय डीएसपी भास्कर रंजन ने बताया कि मध्य प्रदेश में बीते दिनों सिंगरौली जिले के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में लूट की घटना में शामिल एक आरोपी को डेहरी स्टेशन पर सघन जांच अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया है। मामला काफी हाई फ्रोफाइल है जिसकी पहली उपलब्धि बिहार रेल पुलिस की कार्रवाई मे हुई है।
घटना के बाद राज्य के डीजीपी भी पहुंचे थे। फिलहाल मध्य प्रदेश पुलिस अब आगे की कार्रवाई मे जुटी है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट