संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, पति अस्पताल में छोड़ हुआ फरार

सासाराम से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के मायके वालों ने दहेज के लिए पति पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है.....

संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, पति अस्पताल में छोड़
संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले के सासाराम में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान अमरा तालाब निवासी लगभग 20 वर्षीया मुन्नी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बीते कल ही मुन्नी का पति मनीष कुमार साह उसे मायके (अमरा तालाब) से बिदागरी कराकर अपने गांव अकोढ़ीगोला के ईसरा ले गया था। ससुराल पहुंचते ही मुन्नी की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया।


मायके वालों ने पति पर लगाया जहर खिलाने का आरोप

घटना के बाद इलाके में यह चर्चा फैल गई कि विवाहिता ने खुद जहर खा लिया है। हालांकि, मृतका के मायके वालों ने इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि पति मनीष कुमार ने ही साज़िश के तहत मुन्नी को जहर खिलाकर मार डाला है।


सदर अस्पताल में पत्नी को तड़पता छोड़ भागा पति

स्थिति बिगड़ने पर मुन्नी का पति मनीष कुमार उसे इलाज के लिए आनन-फानन में सासाराम के सदर अस्पताल लेकर पहुंचा। आरोप है कि जैसे ही अस्पताल में मुन्नी की हालत बेहद नाजुक होने लगी, पति मनीष उसे बेसहारा छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके कुछ ही देर बाद इलाज के दौरान मुन्नी कुमारी ने दम तोड़ दिया।


डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, आभूषण के लिए प्रताड़ना का आरोप

मृतका के परिजनों ने बताया कि मुन्नी की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व मनीष कुमार साह के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष और पति द्वारा आभूषण तथा अन्य सामानों की दहेज मांग को लेकर मुन्नी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। इसी रंजिश और प्रताड़ना के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है।


परिजनों की सूचना पर जांच में जुटी पुलिस, आरोपी ससुराल पक्ष फरार

अस्पताल में मुन्नी की मौत होते ही पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोगों का फरार हो जाना मामले में कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले और ग्रामीण बड़ी संख्या में सासाराम सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चीख-पुकार मच गई। मायके पक्ष ने घटना की लिखित सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


रंजन की रिपोर्ट