Bihar News : सासाराम में प्रेमी ने पीट-पीटकर की प्रेमिका की हत्या, 6 बच्चों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Bihar News : रोहतास में प्रेम प्रसंग में 6 बच्चों की मां की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक सरिता देवी की उम्र लगभग 44 साल थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है......पढ़िए आगे

Bihar News : सासाराम में प्रेमी ने पीट-पीटकर की प्रेमिका की
प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या - फोटो : SOCIAL MEDIA

SASARAM : बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत मचवार गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 44 वर्षीय महिला की प्रेम प्रसंग के विवाद में बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान मुन्ना बिंद की पत्नी सरिता देवी के रूप में हुई है, जो 6 बच्चों की मां थीं। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं मृतका के बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पड़ोस के ही युवक से था प्रेम प्रसंग, पति रहता है परदेस

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सरिता देवी का अपने पड़ोस में ही रहने वाले कमलेश बिंद नाम के व्यक्ति से पिछले कई सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच अक्सर तनाव और विवाद की स्थिति बनी रहती थी। सरिता देवी का पति मुन्ना बिंद घर से दूर परदेस में रहकर मजदूरी करता है, जिसके कारण महिला घर पर बच्चों के साथ अकेली रहती थी।

खेत में साग तोड़ने गई थी महिला, प्रेमी ने परिजनों संग मिलकर किया हमला

घटनाक्रम के संबंध में बताया जाता है कि शनिवार को सरिता देवी गांव के ही एक खेत में साग तोड़ने के लिए गई हुई थीं। इसी दौरान वहां उनका प्रेमी कमलेश बिंद भी पहुंच गया और किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि कमलेश बिंद ने सरिता देवी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मृतका के पति का आरोप है कि इस जानलेवा मारपीट में कमलेश के अलावा उसके परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल थे, जिन्होंने मिलकर सरिता को तब तक पीटा जब तक उसकी जान नहीं चली गई।

मौके पर पहुंचे SDPO, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय शिवसागर थाना पुलिस और सासाराम के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO-1) विप्लव कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

मां की मौत के बाद बिलख रहे 6 मासूम, आरोपियों की तलाश तेज

इस खौफनाक वारदात के बाद आरोपी कमलेश बिंद अपने पूरे परिवार के साथ घर छोड़कर फरार हो गया है। इधर, मृतका के 6 छोटे-छोटे बच्चे अपनी मां के शव से लिपटकर बिलख रहे हैं, जिन्हें संभालना ग्रामीणों के लिए मुश्किल हो रहा है। मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ विप्लव कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

रंजन की रिपोर्ट