Bihar News: NH-319 पर दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, 3 युवकों की दर्दनाक मौत, एक वाराणसी रेफर

Bihar News: रोहतास जिले के दिनारा में नेशनल हाईवे-319 पर रविदर्दनाक सड़क हादसा हो गया।...

NH 319 tragic death of 3 youths
3 युवकों की दर्दनाक मौत- फोटो : reporter

Bihar News: रोहतास जिले के दिनारा में नेशनल हाईवे-319 पर रविदर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गौरा पुल के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में कोहराम और अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि दोनों बाइक पर सवार युवक तेज रफ्तार में थे। जैसे ही वे गौरा पुल के पास पहुंचे, अचानक आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सड़क से उछलकर दूर जा गिरे। इसी दौरान दो युवक नहर के पानी में जा गिरे, जिससे उनकी हालत और भी गंभीर हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दिनारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद नहर में गिरे युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतकों की पहचान दिनारा थाना क्षेत्र के खनिता गांव निवासी नारायण ओझा, सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के ढोड़नडीह निवासी 20 वर्षीय लव कुमार और काराकाट थाना क्षेत्र के देव मारकंडेय निवासी रवि रंजन कुमार के रूप में हुई है। वहीं कास्तर गांव के सोनू कुमार इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया है।हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मामले की जानकारी मिलते ही बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस टीम के साथ पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ या किसी और कारण से।फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग के खतरे को उजागर कर दिया है। इलाके के लोगों का कहना है कि इस सड़क पर अक्सर तेज रफ्तार के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।

रिपोर्ट- रंजन कुमार