Bihar Train Fire: सुबह सुबह इंटरसिटी एक्सप्रेस की बोगी में लगी आग,बाल-बाल बचे यात्री, सामान छोड़कर भागे, पैसेंजर जांच में जुटा रेलवे

Bihar Train Fire: भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में सोमवार की अहले सुबह उस वक्त अफरा-तफरी और खौफ का माहौल पैदा हो गया, जब ट्रेन की जनरल बोगी में अचानक आग भड़क उठी।

Fire Breaks Out in Intercity Express General Coach in Bihar
इंटरसिटी एक्सप्रेस की बोगी में लगी आग- फोटो : social Media

Bihar Train Fire: बिहार में ट्रेन में आग लगने का सिलसिला खत्म होता नहीं दिख रहा है। भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में सोमवार की अहले सुबह उस वक्त अफरा-तफरी और खौफ का माहौल पैदा हो गया, जब ट्रेन की जनरल बोगी में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते धुएं का गुबार और आग की लपटें पूरे कोच में फैलने लगीं। घटना के वक्त ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी और बड़ी तादाद में मुसाफिर बोगी में मौजूद थे। आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और जान बचाने के लिए लोग जल्दबाजी में ट्रेन से नीचे उतरने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में जनरल कोच से हल्का धुआं उठता दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया। हालात ऐसे बन गए कि स्टेशन परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। कई यात्री अपना सामान तक छोड़कर प्लेटफॉर्म की तरफ भागते नजर आए। महिलाओं और बच्चों में खासा खौफ देखा गया।

घटना की सूचना मिलते ही रोहतास रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद फौरन दमकल विभाग को खबर दी गई। फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक जनरल बोगी का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। राहत की बात यह रही कि वक्त रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। मामले की तहकीकात शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी मुसाफिर द्वारा ज्वलनशील सामान ले जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।

घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने प्रभावित बोगी को अलग कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। साथ ही ट्रेनों में सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस हादसे ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों ने मांग की है कि ट्रेनों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।