Bihar News: डेहरी में होगा विकास का मेगा शो, मुख्यमंत्री 480 करोड़ की योजनाओं का करेंगे शिलान्यास और उदघाटन
Bihar News: डेहरी में मुख्यमंत्री कुल 308 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिनकी कुल लागत 480 करोड़ रुपये से भी अधिक बताई जा रही है।
Bihar News: बिहार की सियासत और विकास की तस्वीर एक बार फिर रोहतास के डेहरी ऑन सोन से उभरने जा रही है, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत पहुंच रहे हैं। इस दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमे में जबरदस्त हलचल है और हर स्तर पर तैयारियां मुकम्मल की जा चुकी हैं। सीएम के इस दौरे को सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकास के बड़े सियासी प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। डेहरी में मुख्यमंत्री कुल 308 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिनकी कुल लागत 480 करोड़ रुपये से भी अधिक बताई जा रही है। यह परियोजनाएं बुनियादी ढांचे से लेकर जनकल्याण तक के विभिन्न क्षेत्रों को कवर करती हैं, जिससे इलाके में विकास की नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन की ओर से रोहतास डीएम उदिता सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रगति यात्रा के दौरान जिन योजनाओं की घोषणाएं की गई थीं, मुख्यमंत्री उनकी समीक्षा भी करेंगे। इसके साथ ही जो योजनाएं अब पूरी हो चुकी हैं, उनका उद्घाटन किया जाएगा और कई नई योजनाओं का शिलान्यास भी होगा। यानी यह दौरा सिर्फ घोषणाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जमीन पर उतरे कामों का हिसाब-किताब भी पेश करेगा।
सीएम का पूरा कार्यक्रम डेहरी ऑन सोन में ही केंद्रित रहेगा, जहां वे लगभग दो घंटे तक मौजूद रहेंगे। इस दौरान बीएमपी मैदान में एक बड़ी जनसभा का आयोजन भी किया गया है, जहां मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे और सरकार की उपलब्धियों के साथ आगे की रणनीति का भी खाका पेश कर सकते हैं। यह दौरा आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। एक तरफ विकास कार्यों की झड़ी, तो दूसरी ओर जनसभा के जरिए जनता से सीधा संवाद यह साफ संकेत है कि सरकार अब विकास के एजेंडे को और धार देने के मूड में है।
डेहरी ऑन सोन में होने वाला यह कार्यक्रम विकास, प्रशासन और सियासत तीनों का संगम बनता नजर आ रहा है, जिस पर पूरे बिहार की निगाहें टिकी हुई हैं।
रिपोर्ट- रंजन कुमार