सासाराम में पेयजल संकट पर फूटा भाकपा माले का आक्रोश: नगर निगम का घेराव कर जमकर की नारेबाजी

Bihar News : भीषण गर्मी के बीच गहराते जल संकट को लेकर भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है।माले कार्यकर्ताओं ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि नगर निगम सिर्फ कागजों और तस्वीरों में प्याऊ की व्यवस्था दिखा रहा है..

सासाराम में पेयजल संकट पर फूटा भाकपा माले का आक्रोश: नगर निग

Sasaram : जिले में भीषण गर्मी के बीच गहराते जल संकट को लेकर भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। आज सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगर में पेयजल की किल्लत के खिलाफ नगर निगम कार्यालय का जोरदार घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के बावजूद नगर प्रशासन जनता को पानी उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है, जिससे आम जनजीवन त्रस्त है।


घेराव से पूर्व माले कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर में विरोध जुलूस निकाला। हाथों में झंडे और तख्तियां लिए कार्यकर्ता शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों के भारी आक्रोश और भीड़ को देखते हुए निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुरक्षा की दृष्टि से और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए नगर निगम के अधिकारियों ने कार्यालय का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया। इसके बावजूद कार्यकर्ता गेट पर ही डटे रहे और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे माले के जिला सचिव अशोक बैठा ने निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शहर के अधिकांश वार्डों में पेयजल का गंभीर संकट पैदा हो गया है। स्थिति इतनी भयावह है कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को अपनी प्यास बुझाने के लिए बाजार से पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी फाइलों और प्रचार-प्रसार में तो हर जगह पानी की व्यवस्था दिखाई जा रही है, लेकिन धरातल पर वास्तविकता इसके बिल्कुल उलट है।


माले कार्यकर्ताओं ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि नगर निगम सिर्फ कागजों और तस्वीरों में प्याऊ की व्यवस्था दिखा रहा है। शहर के सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए नल या तो सूखे पड़े हैं या फिर वहां पानी की आपूर्ति ही नहीं हो रही है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नगर के हर मोहल्ले में सुचारू रूप से टैंकरों के माध्यम से या पाइपलाइन की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो आंदोलन को और भी उग्र रूप दिया जाएगा।


नगर निगम कार्यालय के समक्ष घंटों चले इस प्रदर्शन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। भाकपा माले की नगर कमेटी ने मांग की है कि गर्मी के इस मौसम में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जगह-जगह नए प्याऊ खोले जाएं और बंद पड़े चापाकालों को तुरंत ठीक कराया जाए। प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी मांगों का एक मांग पत्र सौंपा, जिसके बाद आश्वासन मिलने पर घेराव समाप्त हुआ।


रंजन की रिपोर्ट