Bihar News:मौत का डबल कहर, 11 हजार वोल्ट की चपेट में राजमिस्त्री की गई जान, गोमती एक्सप्रेस ने 25 साल के युवक को कुचला
Bihar News:दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। ,,,
Bihar News: सारण जिले में सोमवार की शाम दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। एक ओर दाउदपुर-कोपा थाना क्षेत्र की सीमा पर निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे 52 वर्षीय राजमिस्त्री की 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आने से मौत हो गई, तो दूसरी तरफ मढ़ौरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में मातम और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
रड बना मौत का तार, करंट ने छीन ली जिंदगी
पहली घटना कुमना चारबटनी टोला की है। यहां कोपा थाना क्षेत्र के लेजुआर गांव निवासी सुरेंद्र राम, उम्र 52 वर्ष, राजमिस्त्री का काम कर रहे थे। वह गणेश राय के निर्माणाधीन मकान में सोमवार शाम तक काम में जुटे थे।बताया गया कि इसी दौरान वह रड का काम कर रहे थे। मकान के ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार काफी करीब था। अचानक रड ऊपर से गुजर रहे धारा प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया और तेज करंट सुरेंद्र राम के शरीर में दौड़ गया।विद्युत प्रवाह इतना तेज था कि वह बुरी तरह झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद मजदूरों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें दाउदपुर स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।जिस शख्स के हाथों में परिवार की रोजी-रोटी और भविष्य संवारने की उम्मीद थी, उसी का निर्जीव शरीर देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। देर शाम परिजन शव लेकर दाउदपुर थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू की।
गोमती एक्सप्रेस की चपेट में आया युवक
दूसरी घटना मढ़ौरा थाना क्षेत्र के छपरा-थावे रेलखंड की है। तेजपुरवा हाल्ट के पास गोमती एक्सप्रेस की चपेट में आने से 25 वर्षीय आकाश राय की मौत हो गई।मृतक की पहचान शिल्हौरी गांव निवासी रामायण राय के पुत्र आकाश राय के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सोमवार देर शाम छपरा से लखनऊ जा रही गोमती एक्सप्रेस तेजपुरवा हाल्ट से मढ़ौरा स्टेशन की तरफ करीब 300 मीटर आगे बढ़ी थी। इसी दौरान युवक ट्रेन की चपेट में आ गया।टक्कर के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस दल-बल के साथ पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।
दो हादसे, दो परिवारों पर टूटा गम का पहाड़
सारण की इन दोनों घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। निर्माणस्थल के ऊपर से गुजर रहे हाई-वोल्टेज तार और रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बेहद जरूरी है।फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है। एक परिवार ने अपना कमाने वाला सदस्य खो दिया, तो दूसरे घर में जवान बेटे की मौत से मातम पसरा है। सारण में सोमवार की शाम दो हादसे ऐसी टीस छोड़ गए, जिसे इन परिवारों के लिए भूल पाना आसान नहीं होगा।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी