पारिवारिक विवाद में वैशाली के युवक ने गंडक नदी में लगाई छलांग,पुल पर मिली लावारिस बुलेट

सारण-मुजफ्फरपुर सीमा पर स्थित रेवा गंडक पुल से वैशाली निवासी 22 वर्षीय अभिषेक साह ने नदी में छलांग लगा दी। पुलिस प्रशासन द्वारा स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ (SDRF) की मदद से नदी के तेज बहाव में युवक की खोजबीन के लिए व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा

saran rewa gandak bridge youth jumps into river
सारण के रेवा गंडक नदी पुल से युवक ने लगाई छलांग,पुल पर मिली लावारिस बुलेट- फोटो : Reporter

सारण और मुजफ्फरपुर जिले की सीमा पर स्थित एनएच-722 (छपरा-मुजफ्फरपुर मार्ग) के रेवा गंडक नदी पुल से एक युवक ने नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही मकेर और सरैया थाने की पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस प्रशासन द्वारा स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ (SDRF) की मदद से नदी के तेज बहाव में युवक की खोजबीन के लिए व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है।


पुल पर लावारिस खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल से हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार को युवक रेवा गंडक पुल पर पहुंचा और अचानक नदी में कूद गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने शोर मचाते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस को पुल के ऊपर एक बुलेट मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी मिली। राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों ने पुष्टि की कि यह बाइक नदी में छलांग लगाने वाले युवक की ही है।

गाड़ी के नंबर से हुई पहचान, परिजनों में मचा कोहराम

पुलिस ने बुलेट के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक की शिनाख्त की। छलांग लगाने वाला युवक वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र स्थित बेलवर गांव निवासी अनिल साह का 22 वर्षीय पुत्र अभिषेक साह है। वाहन नंबर से संपर्क साधे जाने के बाद रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल रेवा घाट पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस आगे की प्रक्रिया में जुटी है।

पारिवारिक विवाद के कारण खौफनाक कदम उठाने की आशंका

प्राथमिक जांच और परिजनों से बातचीत के आधार पर यह अंदेशा जताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के तनाव में आकर युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। परिजनों ने प्रशासन से रेस्क्यू ऑपरेशन का दायरा बढ़ाने और एसडीआरएफ की विशेष टीम की मदद से जल्द से जल्द युवक को ढूंढ निकालने की गुहार लगाई है। पुलिस टीम हर संभावित बिंदु पर जांच कर रही है।


पुल से छलांग लगाने की बढ़ती घटनाओं से बढ़ी चिंता

हाल के दिनों में इस इलाके में पुल से नदी में कूदने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में गहरी चिंता है। महज पांच दिनों के भीतर रेवा गंडक पुल और मांझी के जयप्रभा सेतु से पारिवारिक वजहों से युवकों द्वारा छलांग लगाने के मामले सामने आ चुके हैं। इन दुखद हादसों ने प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था, पुलों पर निगरानी और सामाजिक जागरूकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट