सारण में पुलिसिया लापरवाही पर एसएसपी का सर्जिकल स्ट्राइक, तीन थानाध्यक्ष निलंबित, विभाग में हड़कंप
Bihar Police: सारण में पुलिसिया कामकाज में लापरवाही, अनुसंधान में सुस्ती और सरकारी मामलों की अनदेखी अब भारी पड़ने लगी है। ...
Bihar Police: सारण में पुलिसिया कामकाज में लापरवाही, अनुसंधान में सुस्ती और सरकारी मामलों की अनदेखी अब भारी पड़ने लगी है। एसएसपी विनीत कुमार ने एक साथ तीन थानाध्यक्षों पर निलंबन की गाज गिराकर पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। अवतार नगर, तरैया और अमनौर थाना प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए सारण पुलिस केंद्र में योगदान देने का सख्त आदेश दिया गया है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
एसएसपी की कार्रवाई नियमित समीक्षा और विभिन्न जांच प्रतिवेदनों में सामने आई गंभीर कमियों के बाद हुई है। पुलिस अधिकारियों को साफ संदेश दिया गया है कि केस अनुसंधान में लापरवाही, आदेशों की अवहेलना और कर्तव्य के प्रति शिथिलता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अवतार नगर में लंबित कांडों पर गिरी गाज
अवतार नगर थानाध्यक्ष साकेत बिहारी पर दर्ज कांडों के अनुसंधान और निष्पादन में अपेक्षित तत्परता नहीं बरतने का आरोप है। समीक्षा में थाना क्षेत्र के लंबित मामलों की संख्या और प्राथमिकियों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने की बात सामने आई। बार-बार चेतावनी के बावजूद कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ। इसे गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया।
तरैया में सरकारी संपत्ति और शराब जब्ती मामले की अनदेखी
तरैया थानाध्यक्ष धीरज कुमार राम पर सरकारी संपत्ति से जुड़े संवेदनशील मामले में लापरवाही बरतने के साथ-साथ अधीनस्थ पुलिसकर्मियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रखने का आरोप लगा। वरीय अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में भी गंभीर कमी पाई गई। शराब जब्ती से जुड़े मामले में पुलिसिया कार्यप्रणाली पर उठे सवालों की समीक्षा के बाद भी उनके स्तर पर कमियां सामने आईं, जिसके बाद एसएसपी ने कार्रवाई की।
अमनौर में जांच की खामियां पड़ीं भारी
अमनौर थानाध्यक्ष हेमंत कुमार पर कार्रवाई सारण रेंज के डीआईजी निलेश कुमार की समीक्षा के बाद हुई। एक महत्वपूर्ण कांड के अनुसंधान में गंभीर खामियां और तथ्यों को छिपाने जैसी बातें सामने आने के बाद उनसे लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया था। पुलिस के अनुसार उनका जवाब असंतोषजनक पाए जाने के बाद डीआईजी की रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने तत्काल निलंबन का आदेश जारी किया।
पुलिस केंद्र में देंगे योगदान, विभागीय जांच शुरू
निलंबित तीनों थानाध्यक्षों साकेत बिहारी, धीरज कुमार राम और हेमंत कुमार का निलंबन अवधि में मुख्यालय सारण पुलिस केंद्र, छपरा रहेगा। उन्हें तत्काल प्रभाव से थाना प्रभार सौंपकर पुलिस केंद्र में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। आरोपों की विभागीय जांच शुरू हो चुकी है और दोष साबित होने पर आगे भी अनुशासनात्मक कार्रवाई संभव है।
एक साथ तीन निलंबन से थानों में हड़कंप
एसएसपी की इस कार्रवाई ने जिले के अन्य थाना प्रभारियों के बीच भी खलबली मचा दी है। पुलिस मुख्यालय अब थानों में लंबित कांडों, अनुसंधान की प्रगति, शराब के खिलाफ कार्रवाई, वरीय अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन और अधीनस्थ कर्मियों पर नियंत्रण की लगातार समीक्षा कर रहा है। तीन थानाध्यक्षों पर एक साथ कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि सारण पुलिस में अब ‘कामचलाऊ’ रवैया नहीं चलेगा। एसएसपी का संदेश स्पष्ट है—जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े दायित्व में कोताही की कीमत कुर्सी गंवाकर चुकानी पड़ सकती है।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र