पति ने चेन्नई से वीडियो कॉल कर लगाई फांसी, दृश्य देख पत्नी ने भी दी जान,शादी के 8 महीने बाद उजड़ा परिवार

सारण जिले के अमनौर में चेन्नई में रह रहे पति ने वीडियो कॉल पर फांसी लगाई, जिसे देख 23 वर्षीय पत्नी ने भी घर में फंदा लगा लिया। शादी के 8 महीने बाद उजड़ी खुशियां।इस घटना से रसूलपुर और मछगरा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।पुलिस जांच में जुटी।

saran newlywed couple suicide
सारण में खौफनाक वारदात,पति ने वीडियो कॉल पर लगाई फांसी, देख पत्नी ने भी दे दी जान- फोटो : Reporter

सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महज आठ-नौ महीने पहले शादी के बंधन में बंधे नवदंपती की एक साथ मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पति की आत्महत्या की खबर और खौफनाक मंजर देखकर आहत पत्नी ने भी फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना से रसूलपुर और मछगरा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।


रोजी-रोटी के सिलसिले में चेन्नई में रहता था मृतक पति

मृतकों की पहचान रसूलपुर गांव निवासी 25 वर्षीय बबलू कुमार महतो और उनकी 23 वर्षीय पत्नी सपना कुमारी के रूप में हुई है। बबलू अपनी आजीविका चलाने के लिए करीब पांच महीने पहले चेन्नई गया था, जहां वह पेंटिंग और मजदूरी का काम करता था। घर पर उसकी पत्नी सपना और बुजुर्ग माता-पिता रहते थे। अचानक घटी इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


सास खेत से घर लौटी तो फंदे से झूलती मिली बहू

 घटना की भनक परिजनों को रविवार को तब लगी जब सास सीता देवी खेत से काम कर घर लौटीं। खिड़की से देखने पर बहू सपना का शव पंखे से लटकता मिला। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सपना की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही अमनौर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।


चेन्नई से आई पति की मौत की खबर से मचा कोहराम

पुलिस अभी मामले की जांच कर ही रही थी कि चेन्नई से आए एक फोन कॉल ने परिजनों के होश उड़ा दिए। परिजनों को सूचना मिली कि बबलू ने भी चेन्नई में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। एक साथ दोनों की मौत की खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई। राजमिस्त्री का काम करने वाले पिता शंभू महतो घर पहुंचते ही बदहवास होकर गिर पड़े।


शनिवार शाम हुआ था विवाद, वीडियो कॉल पर दिखाई आत्महत्या

जांच में सामने आया है कि शनिवार शाम पति-पत्नी के बीच फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों के समझाने पर मामला शांत हुआ, लेकिन रविवार सुबह बबलू ने चेन्नई में फंदा लगाकर उसकी लाइव तस्वीर वीडियो कॉल के जरिए पत्नी को दिखा दी। पति को फंदे पर झूलता देख गहरे सदमे में आई सपना ने भी तुरंत फांसी लगा ली।


पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, मामले की जांच में जुटी पुलिस

सपना बनियापुर के मछगरा गांव की रहने वाली थी और दो दिन पहले ही रक्षाबंधन मनाकर मायके से लौटी थी। पुलिस ने सपना के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है, जबकि परिजन चेन्नई से बबलू का शव लाने के प्रयास में लगे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला गृह कलह का लग रहा है और पुलिस हर कोण से इसकी जांच कर रही है।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट