रक्षक बना भक्षक: दारोगा पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का बेहद गंभीर आरोप, बेल खातिर किया खेल!

बिहार के छपरा में भगवान बाजार थाने में तैनात दारोगा मो. आसिफ पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण, फर्जी शादी कर अग्रिम जमानत लेने और दहेज में पटना में मकान मांगने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने DGP और SSP से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

chhapra police daroga accused sexual harassment case
दारोगा पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का बेहद गंभीर आरोप- फोटो : Reporter

बिहार के छपरा से एक ऐसी शर्मनाक खबर सामने आई है, जिसने कानून के रखवालों की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। सारण जिला मुख्यालय स्थित भगवान बाजार थाने में तैनात दारोगा मो. आसिफ पर नालंदा की एक युवती ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस तरह के मामलों में जब रक्षक ही भक्षक की भूमिका निभाने लगें, तो आम जनता का खाकी पर से भरोसा उठना स्वाभाविक है। समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन कंधों पर होती है, यदि वही इस प्रकार के कुकृत्यों में लिप्त पाए जाएं, तो यह पूरे पुलिस विभाग के लिए एक गंभीर और कलंककथा है।



प्रशिक्षण के दौरान जान-पहचान और वादे से मुकरना 

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसकी पहचान मो. आसिफ से छबिलापुर स्थित बिहार पुलिस अकादमी में हुई थी, जब वह दारोगा पद के लिए प्रशिक्षण ले रहा था। प्रशिक्षण के दौरान ही आरोपी ने उससे शादी का वादा किया और इसी भरोसे पर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद आरोपी अपने वादे से मुकर गया और संपर्क कम करने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने जाति का हवाला देकर युवती को अपनाने से इनकार कर दिया। जब पीड़िता ने नालंदा जिला मुख्यालय स्थित बिहार शरीफ के महिला थाना में कांड संख्या- 150/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई, तो गिरफ्तारी के डर से आरोपी ने समझौते की बात कही।

प्राथमिकी, समझौता और अग्रिम जमानत का खेल 

पीड़िता के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को राजगीर के एक निजी होटल में दोनों ने शादी की और आरोपी ने पत्नी के रूप में साथ रखने का लिखित वचन भी दिया। इसी आधार पर आरोपी ने अदालत से अग्रिम जमानत प्राप्त कर ली। परंतु जमानत मिलते ही आरोपी का रवैया पूरी तरह बदल गया और उसने युवती को साथ रखने से साफ इनकार कर दिया। मामला यहीं नहीं थमता, बल्कि आरोपी दारोगा पर दहेज में पटना में एक मकान की मांग करने का भी आरोप है। मांग पूरी न होने पर गाली- गलौज, दूसरी शादी करने की धमकी और मानसिक प्रताड़ना देने की बातें भी सामने आई हैं। 

सुरक्षा की गुहार और उच्च अधिकारियों से शिकायत 

पीड़िता ने अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए बिहार के डीजीपी और सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रोशन कुमार को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है। इसके अतिरिक्त, आरोपी पर यह भी आरोप है कि उसने अपनी पोस्टिंग की गलत जानकारी दी और पीड़िता की बहन को फोन कर शादी का प्रस्ताव तक भेज डाला। इस प्रकार की घटनाएं पुलिस महकमे के भीतर पनप रहे वैचारिक भ्रष्टाचार और हनक का जीता- जागता उदाहरण हैं, जो खाकी वर्दी को दागदार कर रही हैं।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट