पथ निर्माण मंत्री का समस्तीपुर को बड़ा तोहफा, इलमासनगर–बल्लीपुर–डुमरा पथ के चौड़ीकरण -मजबूतीकरण कार्य का हुआ कार्यारंभ

समस्तीपुर में इस परियोजना के पूर्ण होने से कृषि उत्पादों को भारी व्यावसायिक वाहनों के माध्यम से अन्य शहरों तक पहुँचाने में सुविधा होगी, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई मजबूती मिलेगी।

 Ilmasnagar-Ballipur-Dumra Road
Ilmasnagar-Ballipur-Dumra Road - फोटो : news4nation

Bihar News :  पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने रविवार को समस्तीपुर जिलान्तर्गत इलमासनगर–बल्लीपुर–डुमरा पथ के कि.मी. 10.709 से 15.316 तक कुल 4.607 कि.मी. लंबे पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का कार्यारंभ किया। इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के लिए ₹29.4567 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।


मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में बेहतर सड़क संपर्क के माध्यम से विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।


उन्होंने बताया कि वर्तमान में सिंगल लेन होने के कारण डुमरा, शिवाजीनगर, बरियाही एवं दहियार सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के बाद क्षेत्रवासियों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। यह पथ समस्तीपुर जिला मुख्यालय तक पहुँचने के लिए महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग होने के साथ रोसड़ा–हथौड़ी कोठी पथ एवं रोसड़ा–शिवाजीनगर पथ को भी जोड़ता है।


परियोजना के पूर्ण होने से कृषि उत्पादों को भारी व्यावसायिक वाहनों के माध्यम से अन्य शहरों तक पहुँचाने में सुविधा होगी, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई मजबूती मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से प्रशासनिक आवागमन एवं विधि-व्यवस्था के संचालन में भी सुविधा होगी।


इस अवसर पर मंत्री डॉ. अशोक चौधरी, सांसद शांभवी चौधरी, विधायक मांजरिक मृणाल,  विधायक वीरेंद्र कुमार, विधायक अजय कुमार, विधान पार्षद तरुण कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष नीलम सहनी एवं पूर्व विधायक अशोक कुमार उर्फ मुन्ना सहित जनप्रतिनिधिगण, कार्यकर्तागण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


मंत्री ने कहा, “जनता का उत्साह विकास के प्रति उनके विश्वास को दर्शाता है। बेहतर सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय समृद्धि की मजबूत आधारशिला हैं।”

नरोत्तम की रिपोर्ट