Bihar News : समस्तीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो सवार महिला की हुई मौत, परिजनों ने NH-122 जाम कर किया हंगामा
Bihar News : समस्तीपुर में अज्ञात वाहन ने ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ऑटो सवार एक महिला की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई.....पढ़िए आगे
SAMASTIPUR : जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर चौक स्थित एनएच-122 पर, निर्माणाधीन फ्लाईओवर से पहले पुलिया के पास बुधवार 17 जून को हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने भगवानपुर कमला गेट के समीप एनएच-122 को जाम कर घटना में शामिल वाहन जब्त करने एवं पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे।
मृतका की पहचान बेलामेघ गांव निवासी सुंदेश्वर दास की 49 वर्षीय पत्नी मोनी देवी के रूप में हुई है। घटना बुधवार 17 जून की सुबह करीब 11 बजे हुई है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोनी देवी बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित झमटिया गंगा घाट से स्नान कर लौट रही थीं। बताया जाता है कि घर जाने के बजाय वह किसी रिश्तेदार के यहां जाने के लिए ऑटो में सवार हुई थीं। इसी दौरान सातनपुर स्थित पुलिया के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो में सवार मोनी देवी समेत पांच लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान मोनी देवी की मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने दोपहर बाद करीब 3 बजे भगवानपुर कमला गेट के समीप एनएच-122 पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। परिजन दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की गिरफ्तारी एवं मृतका के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर उजियारपुर पुलिस एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया तथा पारिवारिक लाभ योजना के तहत सहायता राशि का चेक उपलब्ध कराया। इसके बाद जाम समाप्त कराया जा सका। उधर, उजियारपुर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार रजक ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मोनी देवी नामक महिला की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया है तथा मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
सोनू सहनी की रिपोर्ट