Bihar News: फरार आरोपी की खैर नहीं, सहरसा में पुलिस ने घर की दीवार पर चिपकाया इश्तिहार, सरेंडर नहीं किया तो होगी बड़ी कार्रवाई
सहरसा जिले में पुलिस ने फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त तेवर दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
Bihar News: बिहार के सहरसा जिले में पुलिस ने फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त तेवर दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नवहट्टा थाना क्षेत्र के केदली गांव में मंगलवार की शाम पुलिस ने एक फरार आरोपी के घर पर कोर्ट के आदेश के तहत इश्तिहार चिपका दिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे गांव में चर्चा और हलचल का माहौल बन गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से कानून की नजरों से बचता फिर रहा था। कई बार दबिश देने के बावजूद जब वह पुलिस के हाथ नहीं लगा तो आखिरकार अदालत का दरवाजा खटखटाया गया। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और आरोपी के घर की दीवार पर बाकायदा इश्तिहार चस्पा कर दिया गया।
नवहट्टा थाना अध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि केदली गांव के रहने वाले अभिनंदन कुमार, पिता सत्तो मुखिया, के खिलाफ कांड संख्या 227/25 दर्ज है। इस मामले में आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस की पकड़ से दूर था। ऐसे में न्यायालय के निर्देश पर यह कानूनी कार्रवाई की गई है।
करीब चार बजे पुलिस टीम गांव पहुंची। अपर थाना अध्यक्ष रौशन कुमार, एएसआई अनुज कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पूरे कानूनी नियमों का पालन करते हुए आरोपी के घर के बाहर इश्तिहार चिपकाया गया। पुलिस ने आसपास मौजूद ग्रामीणों को भी इस कार्रवाई की जानकारी दी।
इश्तिहार में साफ तौर पर लिखा गया है कि आरोपी निर्धारित समय सीमा के भीतर अदालत या पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करे। अगर वह ऐसा नहीं करता है तो उसके खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें संपत्ति कुर्की जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून से भागने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग कह रहे हैं कि अब कानून का शिकंजा कसता जा रहा है और फरार आरोपी के पास बचने का रास्ता बेहद कम रह गया है। अब देखना यह होगा कि आरोपी खुद सामने आता है या फिर पुलिस की अगली कार्रवाई का सामना करता है।
रिपोर्ट- दिवाकर कुमार