Bihar Crime: बंद कमरे से उठी सड़ांध ने खोला राज, पति-पत्नी की रहस्यमयी मौत से इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Bihar Crime:एक कमरे के भीतर पति-पत्नी के शव पड़े मिले। कमरे से उठ रही सड़ांध ने पूरे माहौल को खौफनाक बना दिया था…

Bihar Crime: बंद कमरे से उठी सड़ांध ने खोला राज, पति-पत्नी क
पति पत्नी की रहस्यमयी मौत - फोटो : SOCIAL MEDIA

Saharsa: जिले के बनगांव थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर से तेज बदबू आने की सूचना पुलिस को मिली। सुबह-सुबह मिली इस खबर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। सूचना मिलते ही बनगांव थाना पुलिस हरकत में आई और आनन-फानन में मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने घर का दरवाजा खोला तो एक कमरे के भीतर पति-पत्नी के शव पड़े मिले। कमरे से उठ रही सड़ांध ने पूरे माहौल को खौफनाक बना दिया था। इस मंजर को देखकर आसपास के लोग सन्न रह गए और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जानकारी तुरंत जिला मुख्यालय को दी गई। इसके बाद आलोक कुमार, सदर डीएसपी सहरसा, मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना शुरू किया। पुलिस ने घर के अंदर और आसपास के इलाकों की छानबीन करते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

डीएसपी आलोक कुमार ने बताया कि परिजनों के प्रारंभिक बयान के आधार पर यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि करीब दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हुई थी। पुलिस को प्रथम दृष्टया आशंका है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस अभी इस पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हिमांशु कुमार, सहरसा पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस की टीम हर पहलू पर जांच में जुटी हुई है। फॉरेंसिक साक्ष्य और परिजनों के बयान के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर इस बंद कमरे में ऐसा क्या हुआ जिसने एक हंसते-बसते घर को मातम में बदल दिया।फिलहाल पूरे इलाके में गहमागहमी और दहशत का माहौल है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं, लेकिन असली हकीकत पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।

रिपोर्ट- छोटू सरकार