Bihar School News: स्कूल के सामने सड़क बनी शौचालय, गंदगी से त्रस्त छात्र-छात्राएं और ग्रामीण

Bihar School News:बीच पक्की सड़क को ही लोगों ने शौचालय बना दिया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि सड़क पर फैली गंदगी के कारण न केवल आवागमन बाधित हो गया है...

Bihar School News: स्कूल के सामने सड़क बनी शौचालय, गंदगी से
सड़क बनी शौचालय - फोटो : SOCIAL MEDIA

Saharsa: जिले से स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोलती एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है। नवहट्टा थाना क्षेत्र के अन्नपूर्णा उच्च माध्यमिक विद्यालय बराही के पास बीच पक्की सड़क को ही लोगों ने शौचालय बना दिया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि सड़क पर फैली गंदगी के कारण न केवल आवागमन बाधित हो गया है, बल्कि स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

बताया जा रहा है कि इस इलाके में एक ही परिसर के आसपास +2 विद्यालय, प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय, उप स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केंद्र और अन्य सरकारी भवन मौजूद हैं। बावजूद इसके बीच सड़क पर खुले में शौच की वजह से पूरे इलाके में बदबू और गंदगी का अंबार लग गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते से करीब एक हजार घरों के लोग रोजाना गुजरते हैं, लेकिन गंदगी के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार की स्वच्छता योजना यहां कागजों तक ही सीमित रह गई है। राम टोला में एक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करीब चार साल पहले शुरू हुआ था, लेकिन आज तक वह अधूरा पड़ा है। लोगों का कहना है कि आधा-अधूरा निर्माण कर कागजों पर काम पूरा दिखा दिया गया और स्वीकृत राशि का बंदरबांट हो गया। इस इलाके में करीब चार सौ से अधिक महादलित परिवार रहते हैं। शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग मजबूरी में सड़क किनारे ही शौच करने को विवश हैं। इससे न केवल स्वच्छता प्रभावित हो रही है बल्कि गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

अन्नपूर्णा उच्च माध्यमिक विद्यालय बराही के प्रधानाध्यापक कामेश्वर सिंह आजाद ने इस स्थिति को लेकर नवहट्टा थाना में आवेदन दिया है। उन्होंने सड़क पर खुले में शौच पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि गंदगी के कारण स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है और बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए नवहट्टा थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने अपर थानाध्यक्ष रौशन कुमार को जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने साफ कहा है कि सरकारी परिसर और सड़क पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि प्रशासन की यह चेतावनी जमीनी हकीकत बदल पाती है या नहीं।

छोटू सरकार की रिपोर्ट