नशा मुक्त कोशी पुलिस का महा-ऑपरेशन! भारी कैश,हथियार और ड्रग्स के साथ फरवरी से अब तक 1280 तस्कर गिरफ्तार,DIG ने पुलिस टीम को दिया ईनाम
पुलिस उप-महानिरीक्षक के नेतृत्व में कोशी क्षेत्र (सहरसा) में "नशा मुक्त कोशी" अभियान को बड़ी सफलता। विगत सप्ताह भपटियाही पुलिस ने 45 लाख से अधिक कैश, विदेशी पिस्टल और भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद की। फरवरी 2026 से अब तक 1280 तस्कर गिरफ्तार।
बिहार के मुख्यमंत्री के निर्देश पर कोशी क्षेत्र में चलाया जा रहा "नशा मुक्त कोशी" अभियान लगातार सफलता के नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। पुलिस उप-महानिरीक्षक कोशी क्षेत्र, सहरसा के कार्यालय से जारी रिपोर्ट के अनुसार, विगत सप्ताह के भीतर प्रमंडल के तीनों जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है। इस महज एक हफ्ते के अभियान के दौरान पुलिस ने 1544.69 लीटर अवैध शराब, 8.742 किलोग्राम गांजा, 103.64 ग्राम स्मैक और 285.3 लीटर कोडिनयुक्त प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल हो रही 9 मोटरसाइकिल, एक तिपहिया, एक चार पहिया वाहन, एक नाव, 4 मोबाइल और 8,920 रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।

भपटियाही पुलिस की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: हथियार और 45 लाख से अधिक कैश के साथ तस्कर गिरफ्तार
इसी अभियान के क्रम में भपटियाही थाना पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 2 शातिर गांजा तस्करों को दबोचा, जिनके पास से विदेशी निर्मित 2 पिस्टल, 3 मैगजीन, 4 कारतूस, एक कार और मोबाइल बरामद किया गया। इसी कार्रवाई की अगली कड़ी में एक अन्य संदिग्ध के पास से 1 देसी कट्टा, 1 कारतूस और रिकॉर्ड 45,21,400 रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की गई है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के मामलों में 35 और सूखे नशे के नेटवर्क से जुड़े 1 नेपाली तस्कर सहित कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इस साहसिक और कामयाब ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को डीआईजी कोशी क्षेत्र द्वारा 10,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।
फरवरी 2026 से अब तक का महा-रिपोर्ट कार्ड: 1280 तस्करों को भेजा गया सलाखों के पीछे
अगर इस विशेष अभियान की शुरुआत (फरवरी 2026) से लेकर अब तक के कुल आंकड़ों पर नजर डालें, तो कोशी पुलिस ने नशा माफियाओं की कमर तोड़ कर रख दी है। पिछले कुछ महीनों में अब तक कुल 45517.41 लीटर अवैध शराब, 2090.52 लीटर कफ सिरप, 3949.527 किलोग्राम गांजा और 3838.11 ग्राम स्मैक बरामद की जा चुकी है। इतना ही नहीं, तस्करों के पास से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन, टैबलेट्स, विदेशी और देसी हथियार, गाड़ियां और कुल 52,16,134 भारतीय रुपये तथा 27,570 नेपाली मुद्रा भी जब्त की गई है। खाकी की इस चौतरफा दबिश के कारण अब तक कुल 1,280 बड़े-छोटे तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।

जनता से पुलिस की खास अपील: इस हेल्पलाइन नंबर पर दें गुप्त सूचना, मिलेगा उचित इनाम
कोशी प्रमंडल को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के लिए डीआईजी कार्यालय ने आम जनता और प्रबुद्ध नागरिकों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने इसके लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 9060384865 जारी किया है, जिस पर कोई भी नागरिक कॉल, सामान्य मैसेज या व्हाट्सएप के जरिए नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी जानकारी साझा कर सकता है। सजग नागरिक अवैध धंधेबाजों के नाम, पते, ठिकाने और संभव हो तो फोटो या वीडियो भी भेज सकते हैं। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले का मोबाइल नंबर और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, और जिसकी सूचना पर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिलेगी, उन्हें डीआईजी सहरसा द्वारा उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा।