कोर्ट के आदेश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 8 गैर-जमानती वारंटी गिरफ्तार, फरार आरोपियों में मचा हड़कंप
सहरसा पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से जिले के फरार अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल पुलिस ने कोर्ट से जारी 8 गैर-जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया है.....
Saharsa : न्यायालय से निर्गत गैर-जमानती वारंट (NBW) के आलोक में पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 8 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया है। सहरसा पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान से लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहे वारंटियों और अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।
नवहट्टा पुलिस ने 3 वारंटियों को किया गिरफ्तार
सहरसा पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, न्यायालय के निर्देशों का अनुपालन करते हुए नवहट्टा थाना पुलिस ने तीन वारंटियों को दबोचा। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में घनश्याम मुखिया (पिता: महेश्वर मुखिया, निवासी: गैरपाड़ा), हीरा मंडल (पिता: मुनार मंडल, निवासी: पिपराही) और मंटू शर्मा (पिता: लखन शर्मा, निवासी: हेमपुर) शामिल हैं।
सिमरी बख्तियारपुर से 4 फरार आरोपी दबोचे गए
वहीं दूसरी ओर, सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए चार वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इनमें जगदेव चौधरी (पिता: रामजी चौधरी, निवासी: सिटानाबाद), बबलू कुमार चौधरी (पिता: धुनन चौधरी, निवासी: आजादनगर), रणवीर स्वर्णकार (पिता: शंकर प्रसाद स्वर्णकार, निवासी: सिमरी बख्तियारपुर) और मो. जलाल साह (पिता: मो. बजाहत आमी, निवासी: पहाड़पुर) शामिल हैं।
बनगांव पुलिस की कार्रवाई में 1 वारंटी गिरफ्तार
इसके अतिरिक्त, बनगांव थाना पुलिस ने भी क्षेत्र में छापेमारी कर एक वारंटी बबलू चौधरी (पिता: छेदन चौधरी, निवासी: पररी, थाना बनगांव, जिला सहरसा) को गिरफ्तार किया। इस प्रकार तीनों थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से तत्परता दिखाते हुए कुल आठ गैर-जमानती वारंटियों को सलाखों के पीछे भेज दिया।
कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए अभियान रहेगा जारी
सहरसा पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई अदालत के आदेशों के अनुपालन और जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे नियमित अभियान का हिस्सा है। इस कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता सामने आई है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह धरपकड़ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
छोटू सरकार की रिपोर्ट