Bihar News : लोकतंत्र की रक्षा या सियासी शक्ति प्रदर्शन? सहरसा में बीजेपी की 'लोकतंत्र बचाओ' पदयात्रा, नित्यानंद राय ने विपक्ष पर साधा निशाना
Bihar News : सहरसा में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ निकली पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने शिरकत की और विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
SAHARSA : लोकतंत्र की रक्षा या सियासी शक्ति प्रदर्शन? सहरसा की सड़कों पर आज बीजेपी ने पदयात्रा के जरिए विपक्ष के खिलाफ जोरदार मोर्चा खोला। मौका था लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा का, जिसमें केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने शामिल होकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। रेनबो रिसॉर्ट से शुरू हुई यह पदयात्रा चांदनी चौक स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। जहां बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी देखने को मिली।
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय की मौजूदगी में निकली इस पदयात्रा में जिले के बीजेपी के तमाम छोटे-बड़े नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। रेनबो रिसॉर्ट से शुरू होकर पदयात्रा चांदनी चौक स्थित शहीद स्मारक पहुंची, जहां केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने विपक्ष पर जमकर सियासी प्रहार किया। उन्होंने विपक्ष पर लोकतांत्रिक व्यवस्था में अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के लोकतंत्र को कमजोर करने वाली ताकतों से जनता को सतर्क रहने की जरूरत है। उनके संबोधन में विपक्ष के खिलाफ तीखे तेवर साफ नजर आए।
वहीं, बीजेपी के अन्य नेताओं ने भी विपक्ष को घेरते हुए जनता से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की। लेकिन सवाल यह है कि लोकतंत्र बचाने की इस लड़ाई में जनता के असल मुद्दे कहां हैं? बेरोजगारी, महंगाई और विकास जैसे सवालों के बीच सहरसा की इस पदयात्रा ने एक बार फिर राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है।
फिलहाल, लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ के नारे के साथ बीजेपी ने सहरसा से विपक्ष के खिलाफ अपना राजनीतिक संदेश बुलंद किया।
छोटू सरकार की रिपोर्ट