Rohtas News: रोहतास में नाली के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से मारपीट में 12 घायल; CCTV फुटेज आया सामने

रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र स्थित जयनगर गांव में नाली के पानी को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प हुई। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में 12 लोग घायल हो गए हैं, जिसका CCTV वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई की बात कही है।

Marpeeti in Rohtas
रोहतास में नाली के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष- फोटो : Reporter

बिहार के रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र स्थित जयनगर गांव में नाली का पानी बहाने को लेकर उपजा विवाद गंभीर हिंसक झड़प में बदल गया। बीते 12 अक्टूबर को हुई इस घटना में दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित परिवार के अनुसार, इस खूनी संघर्ष में कुल 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई गंभीर रूप से जख्मी बताए जा रहे हैं।


नाली भरने से शुरू हुआ था विवाद, बढ़ा तनाव

जानकारी के मुताबिक, सारा विवाद गांव में नाली भरने और पानी की निकासी को लेकर शुरू हुआ था। मामूली बात पर शुरू हुई कहासुनी ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद हुई ताबड़तोड़ मारपीट में लाठी-डंडों का बेखौफ इस्तेमाल किया गया, जिससे पूरे गांव में तनाव और भय का माहौल उत्पन्न हो गया है।


नाबालिग बेटी नेहा कुमारी ने थाने में दिया आवेदन

इस मामले में पीड़ित परिवार की 14 वर्षीय नाबालिग बेटी नेहा कुमारी ने अकोढ़ीगोला थाने में लिखित आवेदन देकर 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। आवेदन के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे की है, जब अनिल कुमार सिंह और सुनील कुमार सिंह उर्फ अमित सिंह घर के सामने की नाली को भर रहे थे। नेहा के चाचा दुधनाथ सिंह द्वारा विरोध करने पर विवाद बढ़ा और देखते ही देखते दोनों तरफ से लोग भिड़ गए।


सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात

यह पूरी हिंसक घटना पीड़ित परिवार के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई है। सोशल मीडिया और इलाके में वायरल हो रहे इस वीडियो ने मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इतने गंभीर हादसे और कई लोगों के घायल होने के बावजूद अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे वे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं।


एसपी मिस्टर राज का बयान और पुलिस की आगे की कार्रवाई

रोहतास के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मिस्टर राज ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इस पर विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे क्या कदम उठाती है।

रोहतास से रंजन सिंह राजपूत की रिपोर्ट