Bihar News: पूर्णिया में नवकुंज महायज्ञ को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, वाराणसी शैली की गंगा आरती बनेगी नवकुंज महायज्ञ का आकर्षण
Bihar News:आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां चार दिवसीय श्री श्री 1008 नवकुंज महासंकीर्तन महायज्ञ के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई।...
Bihar News: पूर्णिया जिले के धमदाहा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चिकनी पंचायत में आयोजित होने वाले चार दिवसीय श्री श्री 1008 नवकुंज महासंकीर्तन महायज्ञ को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
श्रद्धालु अपने माथे पर कलश लेकर ब्रहम बाबा स्थान से पैदल यात्रा पर निकले। यह यात्रा कृष्ण स्थान, महादेव स्थान और भगवती स्थान होते हुए गसई घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरा गया। इसके बाद सभी श्रद्धालु पुनः ब्रहम बाबा स्थान पहुंचे और विधि-विधान के साथ कलश स्थापित किया गया।

कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में नवकुंज महायज्ञ के प्रति अपार श्रद्धा और उत्साह देखने को मिला। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद श्रद्धालु भगवान श्रीराम और हरे राम-हरे कृष्ण के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे। पूरा क्षेत्र भक्तिमय नारों और भजनों से गुंजायमान रहा।

आयोजन समिति के अनुसार चार दिवसीय इस नवकुंज महासंकीर्तन में कुल नौ कुंज बनाए गए हैं, जहां लगातार हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन का आयोजन होगा। इसके अलावा एक विशेष हवन कुंड भी बनाया गया है, जहां वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार यज्ञ और हवन संपन्न कराया जाएगा।

महायज्ञ के दौरान गंगा आरती का भी भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति का दावा है कि वाराणसी से आए विद्वान पंडितों द्वारा बनारस घाट की तर्ज पर गंगा आरती कराई जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।आयोजन समिति का अनुमान है कि चार दिनों के इस धार्मिक आयोजन में करीब डेढ़ से दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। समिति का कहना है कि पूर्णिया जिले में इस तरह का नवकुंज महासंकीर्तन पहली बार आयोजित किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। चिकित्सा टीम, अग्निशमन विभाग की टीम तथा स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, भोजन और पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि किसी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच आयोजित होने वाला यह चार दिवसीय नवकुंज महासंकीर्तन क्षेत्र में आस्था का एक बड़ा केंद्र बनता नजर आ रहा है।
रिपोर्ट- अंकित कुमार