Bihar Crime : पूर्णिया में 'बंटी-बबली' गैंग समेत 7 शातिर चोर गिरफ्तार, 7 लाख के जेवर, कैश और ऑस्ट्रेलियाई डॉलर पुलिस ने किया बरामद

Bihar Crime : पूर्णिया पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जहाँ पुलिस ने बंटी बबली गिरोह के साथ 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है. वहीँ पुलिस ने 7 लाख के जेवर भी बरामद किया है........पढ़िए आगे

Bihar Crime : पूर्णिया में 'बंटी-बबली' गैंग समेत 7 शातिर चोर
बंटी बबली गिरोह का खुलासा - फोटो : ANKIT

PURNEA : जिला अंतर्गत सदर थाना और मुफस्सिल थाना की पुलिस ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरजिला स्तर पर सक्रिय 7 कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं, जो लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे। पुलिस ने इनके पास से करीब 7 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, भारी मात्रा में बर्तन, नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद की है।

सदर एसडीपीओ 1 अभिनव पराशर ने इस मामले को लेकर एक प्रेस वार्ता में बताया कि पिछले कई सालों से पूर्णिया के शहरी इलाकों में बंद पड़े घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था। इन लगातार हो रही चोरियों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

गठित विशेष टीम में शामिल सदर और मुफस्सिल थाना प्रभारियों ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के मुख्य सरगना, जिसे इलाके में 'बंटी-बबली' के नाम से जाना जाता था, यानी राजू मुखिया और उसकी पत्नी आरती देवी को गिरफ्तार कर लिया। इनके साथ ही गिरोह की अन्य महिला सदस्यों रेणु देवी, सक्को उर्फ सकीन, चुन्नी खातून तथा पुरुष साथियों गुलफान अंसारी और मुन्ना मुखिया को भी दबोच लिया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार चोरों की निशानदेही और तलाशी के दौरान भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामानों में करीब 7 लाख रुपये के सोने और चांदी के जेवरात, पीतल व कांसा के कीमती बर्तन, 68 हजार रुपये नगद तथा एक ऑस्ट्रेलियाई डॉलर शामिल है। विदेशी मुद्रा की बरामदगी से पुलिस अब इनके नेटवर्क के अन्य कड़ियों को भी खंगालने में जुट गई है।

प्रेस वार्ता में एसडीपीओ अभिनव पराशर ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी राजू मुखिया एक शातिर और पेशेवर अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से 8 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह गिरोह दिन में रेकी करता था और रात में बंद घरों के ताले तोड़कर चंद मिनटों में कीमती सामान उड़ा लेता था। पुलिस ने इस गिरोह के पकड़े जाने को एक बड़ी कामयाबी बताया है और सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अंकित की रिपोर्ट