प्यार में मिला 'खौफनाक' धोखा: शादी का झांसा देकर प्रेमी ने व्यवसायी को बेचा, 13 महीने तक बंधक बनी रही युवती
पूर्णिया में 13 महीने से बंधक बनी युवती को पुलिस ने छुड़ाया। गल्ला व्यवसायी के घर से 3 हथियार और 157 गोलियां बरामद। प्रेमी ने झांसा देकर युवती को बेचा था। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
Purnia : पूर्णिया पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 13 महीनों से बंधक बनाकर रखी गई एक युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया है. भवानीपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली इस युवती को सदर थाना के गुलाबबाग स्थित गुंडा चौक के पास एक गल्ला व्यवसायी के घर से मुक्त कराया गया. इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब युवती के परिजनों को उसके गुलाबबाग में होने की सूचना मिली और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यवसायी के घर पर छापेमारी की.
प्रेम प्रसंग के नाम पर धोखा और सौदा
पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि वह करीब 13-14 महीने पहले एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग के चलते घर से भाग गई थी. उस युवक ने शादी का झांसा देकर उसे बहलाया-फुसलाया और अंततः गुलाबबाग के गल्ला व्यवसायी प्रह्लाद जायसवाल के पास कुछ रुपयों के एवज में बेचकर फरार हो गया. एसपी स्वीटी सहरावत ने बताया, "बच्ची ने पूछताछ में बताया कि लगभग 13-14 महीने पहले वह किसी लड़के के साथ चली गई थी, जिसने उसे प्रह्लाद जायसवाल को बेच दिया था". तब से व्यवसायी ने उसे अपने घर में कैद कर रखा था और उसे बाहर नहीं निकलने देता था.
व्यवसायी के घर से हथियारों का जखीरा बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को व्यवसायी के घर से केवल युवती ही नहीं, बल्कि अवैध हथियारों और कारतूसों का बड़ा जखीरा भी मिला है. पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, दो रिवॉल्वर और 157 पीस जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. एसपी ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि "घर की छानबीन के क्रम में एक कट्टा, दो रिवॉल्वर, 157 जिंदा कारतूस और 7 खोखा बरामद किए गए हैं". इसके अलावा पुलिस को 11 बैंक पासबुक और जमीन के कुछ कागजात (केवाला) भी मिले हैं, जिनकी सघन जांच की जा रही है.
शारीरिक शोषण और कानूनी कार्रवाई
बरामद युवती ने व्यवसायी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि बंधक बनाकर रखने के दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए गए. एसपी स्वीटी सहरावत ने इस संबंध में कहा, "बच्ची ने बताया है कि उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए गए हैं, इसलिए उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और माननीय न्यायालय के समक्ष बयान दर्ज कराते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी". पुलिस ने गल्ला व्यवसायी प्रह्लाद जायसवाल को हिरासत में ले लिया है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है.
आयकर विभाग का लिया जाएगा सहयोग
हथियारों और भारी मात्रा में मिले दस्तावेजों को देखते हुए पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है. एसपी ने स्पष्ट किया कि "पासबुक और केवाला के संबंध में हम जांच कर रहे हैं कि इतनी संपत्ति इनके पास कहां से आई, इसमें हम आयकर विभाग (Income Tax) का भी सहयोग लेंगे". फिलहाल, पुलिस उस युवक की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है जिसने युवती को बेचा था. इस सफल ऑपरेशन में भवानीपुर और सदर थाना की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से काम किया है.
रिपोर्ट - अंकित कुमार