पूर्णिया के चर्चित मनिरुद्दीन हत्याकांड का खुलासा, अवैध संबंध के शक में समधी और बेटों ने की थी हत्या

पूर्णिया के चर्चित मनिरुद्दीन हत्याकांड का खुलासा, अवैध संबं
पूर्णिया के चर्चित मनिरुद्दीन हत्याकांड का खुलासा- फोटो : अंकित कुमार

Purnia : जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र में गत 25 अगस्त को हुई मनिरुद्दीन उर्फ पुरन की रहस्यमय मौत और हत्याकांड का पुलिस ने आखिरकार बड़ा खुलासा कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि यह सनसनीखेज वारदात प्रेम-प्रसंग और अवैध संबंध के विवाद के चलते अंजाम दी गई थी।


समधिन के साथ अवैध संबंध देखने पर उपजा खूनी विवाद

पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि मृतक मनिरुद्दीन का अपनी ही समधिन (मुख्य आरोपी समधी इलियास की पत्नी) के साथ अवैध संबंध चल रहा था। घटना वाले दिन आरोपी पति इलियास ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद उपजे आक्रोश में पति और उसके बेटों ने मिलकर मनिरुद्दीन की बेरहमी से हत्या कर दी।


आत्महत्या दिखाने के लिए जंगल में पेड़ से लटका दिया था शव

हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने इसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची। उन्होंने शव को देवरी बहियार के पास ले जाकर एक पेड़ से लटका दिया ताकि लोगों को यह खुदकुशी लगे। घटना के चार दिन बाद यानी 28 अगस्त को देवड़ी बहियार में नदी किनारे घने जंगल के बीच एक पेड़ से मनिरुद्दीन का शव बरामद हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू की थी।


शातिर समधी ने ही दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट, पुलिस को लगातार किया गुमराह

इस मामले का सबसे चौकाने वाला पहलू यह रहा कि जिस इलियास को पुलिस ने हत्याकांड में गिरफ्तार किया है, उसी ने मनीरूद्दीन के लापता होने की झूठी सूचना थाने में दर्ज कराई थी। इलियास और उसकी पत्नी लगातार पुलिस को मनगढ़ंत बयान देकर बरगलाते रहे, लेकिन पुलिस के वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी सर्विलांस ने इस पूरी साजिश की पोल खोल दी।


चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की पत्नी बनी सरकारी गवाह

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के समधी इलियास समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक अहम मोड़ यह आया है कि मुख्य आरोपी इलियास की पत्नी अब इस केस में पुलिस की सरकारी गवाह बन गई है, जबकि इलियास और उसके तीनों बेटों को पुलिस ने कानून के शिकंजे में कस लिया है।


अंकित की रिपोर्ट