20 सूत्री समिति की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने पूर्णिया पहुंचे प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा : दिव्यांगों, आपदा पीड़ितों और लाभार्थियों के बीच वितरित किए चेक
पूर्णिया जिले के प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा जिला स्तरीय 20 सूत्री कार्यान्वयन समिति की समीक्षात्मक बैठक में शामलि होने पहुंचे। जहां उन्होने बैठक में शामिल होने से पहले दिव्यांगों, आपदा पीड़ितों और लाभार्थियों के बीच चेक वितरित किए....
Purnia : बिहार सरकार के मंत्री सह पूर्णिया जिले के प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा सोमवार को पूर्णिया पहुंचे। जहां उन्होंने जिला स्तरीय 20 सूत्री कार्यान्वयन समिति की समीक्षा बैठक की। बैठक में शामिल होने से पूर्व उन्होंने सरकार की विभिन्न लोककल्याणकारी और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए।
दिव्यांगजनों, अंतरजातीय विवाह और आपदा पीड़ितों के आश्रितों को दी गई आर्थिक सहायता
कार्यक्रम के दौरान मंत्री रत्नेश सदा ने विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित लाभार्थियों के बीच चेक का वितरण किया। इनमें सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रित, आपदा प्रबंधन विभाग के तहत पीड़ित परिवार, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाले अंतरजातीय विवाह के लाभार्थी तथा दिव्यांगजन शामिल थे। सहायता राशि का चेक मिलते ही लाभार्थियों और पीड़ित परिवारों के चेहरों पर राहत दिखाई दी।
सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता: मंत्री
इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा ने बताया कि बिहार सरकार राज्य के हर जरूरतमंद, पीड़ित और वंचित वर्ग के साथ मुस्तैदी से खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पीड़ितों और लाभार्थियों को त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि आपदा या हादसे की स्थिति में पीड़ित परिवारों को संबल मिल सके और दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
चेक वितरण के बाद 20 सूत्री की बैठक में विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा शुरू
चेक वितरण कार्यक्रम संपन्न होने के उपरांत प्रभारी मंत्री ने 20 सूत्री समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समिति के सदस्यों के साथ सरकार द्वारा चलाई जा रही विकासात्मक योजनाओं, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को पारदर्शी तरीके से योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया।
अंकित की रिपोर्ट