Bihar Police Promotion News: ACR की भूल पड़ी भारी! पूर्णिया पुलिस बल के 4 अधिकारियों की रुकी पदोन्नति, एसोसिएशन उतरा मैदान में

बिहार पुलिस में ASI से SI पद पर पदोन्नति प्रक्रिया के बीच पूर्णिया के 4 पुलिस अधिकारियों की पदोन्नति अटक गई है। ACR में विसंगतियों और देरी का आरोप लगाते हुए पुलिस एसोसिएशन ने SSP को आवेदन सौंप सुधार की मांग की है।

Purnia police ASI promotion
ACR में गड़बड़ी से पूर्णिया के 4 एएसआई वंचित,एसोसिएशन उतरा मैदान में- फोटो : Reporter

बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से सहायक अवर निरीक्षक से पुलिस अवर निरीक्षक पद पर पदोन्नति/कार्यकारी प्रभार से संबंधित प्रक्रिया के बीच पूर्णिया जिला पुलिस बल के चार अधिकारियों की पदोन्नति का मामला सामने आया है। बिहार पुलिस एसोसिएशन की पूर्णिया जिला शाखा ने इन अधिकारियों के एसीआर में कथित विसंगतियों और समय पर अभिलेख मुख्यालय नहीं भेजे जाने के कारण पदोन्नति से वंचित रहने का मुद्दा उठाया है। इस संबंध में एसोसिएशन ने 19 सितंबर को पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक (एस एस पी) को आवेदन देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राज कुमार चौधरी और सचिव गौतम कुमार की ओर से संयुक्त रूप से दिए गए आवेदन में कहा गया है कि पुलिस मुख्यालय, कार्मिक एवं कल्याण प्रभाग, पटना के आदेश के आधार पर सहायक अवर निरीक्षक से पुलिस अवर निरीक्षक की कोटि में पदोन्नति/कार्यकारी प्रभार की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में पूर्णिया जिला बल के कई कर्तव्यनिष्ठ एवं योग्य सहायक अवर निरीक्षक वार्षिक गोपनीय चरित्र अभिलेख (एसीआर) में त्रुटि/विसंगति के कारण पदोन्नति सूची में शामिल नहीं हो सके हैं।


पूर्णिया में चार सहायक अवर निरीक्षकों के मामले में एसपी को सौंपा गया आवेदन

आवेदन में वीरेंद्र कुमार नट, वर्तमान पदस्थापन भवानीपुर थाना, को लेकर बताया गया है कि उनका एसीआर समय पर पुलिस मुख्यालय, पटना नहीं भेजे जाने के कारण पदोन्नति प्रभावित हुई। वहीं विजय कुमार, वर्तमान पदस्थापन केहाट नगर थाना, के मामले में भी एसीआर समय पर मुख्यालय नहीं भेजे जाने की बात कही गई है। इसी तरह उपेन्द्र कुमार, वर्तमान पदस्थापन श्रीनगर थाना, के वार्षिक गोपनीय चरित्र अभिलेख में ‘औसत’ अंकित किए जाने को लेकर आपत्ति जताई गई है। आवेदन के अनुसार, संबंधित अधिकारी के सेवाकाल में कोई विभागीय अथवा अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित नहीं रही है। इसके अलावा प्रदीप कुमार, वर्तमान पदस्थापन बायसी थाना, के प्रशिक्षण अवधि के दौरान का गलत एसीआर मुख्यालय भेजे जाने के कारण उन्हें ‘औसत’ अभिमत के आधार पर पदोन्नति से वंचित किए जाने का दावा किया गया है।


रिकॉर्ड की त्रुटियों का असर अधिकारियों के भविष्य पर पड़ रहा असर- जिलाध्यक्ष

एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राज कुमार चौधरी का कहना है कि इन अधिकारियों का सेवा अभिलेख बेदाग है और उनके विरुद्ध कोई विभागीय कार्रवाई लंबित नहीं है। कार्यालय स्तर पर एसीआर समय पर नहीं भेजे जाने अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टि दर्ज होने का प्रतिकूल प्रभाव अधिकारियों के भविष्य और मनोबल पर पड़ रहा है। एसोसिएशन ने वरीय पुलिस अधीक्षक से सभी संबंधित अधिकारियों के एसीआर का शीघ्र सत्यापन कर विसंगतियों का निराकरण कराने तथा आवश्यक संशोधित प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय, पटना को अग्रसारित करने का आग्रह किया है, ताकि योग्य अधिकारियों को पदोन्नति का लाभ मिल सके। आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक कार्यालय, बिहार, पटना को भी आवश्यक सूचनार्थ भेजी गई है।