Patna News: डॉ. एजाज अली क्लिनिक में ब्लड डोनेशन कैंप, 50 से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों ने किया रक्तदान

पटना के भिखना पहाड़ी स्थित डॉ. एजाज अली क्लिनिक में 'विश्व रक्तदाता दिवस' पर भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर डॉ. शहजाद अली ने युवाओं को रक्तदान के स्वास्थ्य लाभ बताते हुए प्रेरित किया।

Blood Donation Camp Patna
डॉ. एजाज अली क्लिनिक में 'विश्व रक्तदाता दिवस' पर रक्तदान शिविर का आयोजन- फोटो : Reporter

पटना: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भिखना पहाड़ी मोड़ स्थित पी.एन. सिन्हा कंपाउंड में अवस्थित डॉ. एजाज अली क्लिनिक में एक भव्य रक्तदान जागरूकता एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पटना के युवाओं, आम नागरिकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।


रक्तदान का कोई धर्म नहीं, यह समाज के लिए सर्वोत्तम योगदान

शिविर में उपस्थित प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. शहजाद अली ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि रक्त का कोई धर्म, जाति या वर्ग नहीं होता और संकट के समय यही रक्त किसी भी इंसान के जीवन की रक्षा करता है। डॉ. अली ने बताया कि नियमित रक्तदान करने से जहां एक ओर गंभीर रूप से बीमार मरीजों को नया जीवन मिलता है, वहीं दूसरी ओर रक्तदाता के अपने स्वास्थ्य पर भी इसका बेहद सकारात्मक और वैज्ञानिक प्रभाव पड़ता है।

क्लिनिक में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार

इस दौरान डॉ. शहजाद अली ने क्लिनिक के संस्थापक डॉ. एजाज अली की सेवा भावना और मरीजों के प्रति समर्पण की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सेवा के साथ-साथ अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक का समावेश समय की मांग है। अब इस अस्पताल में आधुनिक मशीनें, उन्नत तकनीक, आईसीयू (ICU) के साथ-साथ जनरल सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, जनरल मेडिसिन तथा आर्थोपेडिक्स (हड्डी रोग) के विशेषज्ञ डॉक्टरों की चौबीसों घंटे सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि मरीजों को उच्च गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।


50 स्वास्थ्यकर्मियों ने किया रक्तदान, आयुष्मान भारत की सराहना

विश्व रक्तदाता दिवस के इस विशेष अभियान में क्लिनिक के डॉक्टरों और कर्मचारियों सहित करीब 50 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। डॉ. शहजाद अली ने प्लेटलेट्स और प्लाज्मा जैसे रक्त घटकों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना की भी तारीफ की, जिसने गरीब परिवारों के इलाज की चिंता को दूर किया है। शिविर के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज को इसके प्रति जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया।