Patna News: नारी सम्मान से राष्ट्र निर्माण का बुलंद पैगाम,महिला सशक्तिकरण सम्मान समारोह-2026 में प्रतिभाओं को मिला सलाम, संस्कृति और सम्मान का दिखा शानदार संगम
बिहार की चर्चित सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था सोनी कला केंद्र, पटना द्वारा आयोजित "महिला सशक्तिकरण सम्मान समारोह–2026" पूरे शान-ओ-शौकत और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ।...
Patna News: पटना के बापू टावर सभागार में रविवार को उस वक्त जश्न, जज़्बे और जागरूकता का खूबसूरत संगम देखने को मिला, जब बिहार की चर्चित सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था सोनी कला केंद्र, पटना द्वारा आयोजित "महिला सशक्तिकरण सम्मान समारोह-2026 पूरे शान-ओ-शौकत और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने न केवल महिलाओं की उपलब्धियों को सलाम किया, बल्कि समाज में उनके बढ़ते योगदान और सशक्त भूमिका का मजबूत पैगाम भी दिया। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर रामलाल खेतान, आशीष आदर्श, राजेश रंजन, प्रो. डॉ. वीरेंद्र प्रसाद, जगजीवन सिंह, मुकेश कुमार, रीना यादव, डॉ. प्रीतांजली सिंह, हरिशंकर और प्रणव सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक दौर की शुरुआत लखनऊ घराने की प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना सपना सिंह की मनमोहक वंदना प्रस्तुति से हुई। उनकी भावपूर्ण अभिव्यक्ति और मनोहारी नृत्य ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद ईनर्जी योग हीलिंग सेंटर की ओर से प्रस्तुत आर्टिस्टिक योगा ने अनुशासन, स्वास्थ्य और कला का अद्भुत संगम पेश किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं प्रसिद्ध लोकगायिका चंचल चारु और डॉ. विनीता कुमारी की सुरमयी प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया। महिला कलाकारों के समूह नृत्य में वंदना कुमारी, मंजूषा सिंह, मधु चौधरी, शीला चौधरी, सुनीता रंजन सहित अन्य कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण को केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की बुनियाद बताया। रामलाल खेतान ने कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। आशीष आदर्श ने महिलाओं को शिक्षा, कौशल और नेतृत्व के अधिक अवसर देने पर जोर दिया। भारतीय जीवन बीमा निगम, पटना मंडल के मंडल प्रबंधक मुकेश कुमार ने आर्थिक आत्मनिर्भरता को महिला सशक्तिकरण की असली ताकत बताया। वहीं एमएलसी रीना यादव ने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरणा देता है। राजेश रंजन और प्रो. डॉ. वीरेंद्र प्रसाद ने भी समान अवसर, सामाजिक चेतना और प्रगतिशील सोच को महिला सशक्तिकरण का आधार बताया।
समारोह का सबसे गौरवपूर्ण क्षण वह रहा, जब समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट, प्रेरणादायी और उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को "महिला सशक्तिकरण सम्मान–2026" से नवाजा गया। सम्मानित विभूतियों में डॉ. प्रीतांजली सिंह, डॉ. विनीता सिंह, रिचा सिंह, राखी शर्मा, मीना यादव, सुचिता सिंह, सुरोश्री सिन्हा, सपना सिंह, मंजू प्रसाद, आशा सिंह, सीमा ओझा, सुजाता, सुनीता रंजन, प्रीति बरिहार, ज्ञानवती ज्ञानी सहित अनेक महिलाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में सोनी कला केंद्र, पटना के सचिव धीरज कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, कलाकारों, सम्मानित महिलाओं, मीडिया प्रतिनिधियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्त भारत के संकल्प को नई बुलंदी देने वाला प्रेरणादायी उत्सव साबित हुआ।