तलाक के विवाद में पति और ससुराल वालों के बीच हिंसक झड़प, डायल 112 की टीम ने संभाला मोर्चा
Patna : जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र स्थित सरासत गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर पति और मायके वालों के बीच तीखी बहस के बाद मारपीट हो गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को शांत कराया।
2024 में हुई थी शादी, तलाक की बात को लेकर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, कलाभगवानपुर निवासी आनंद पासवान की शादी वर्ष 2024 में सरासत गांव निवासी जगदीश की पुत्री सिमरन (सिमर) से हुई थी। दोनों की एक छोटी बच्ची भी है। शादी के कुछ ही समय बाद से पति-पत्नी के बीच अनबन रहने लगी थी। परिजनों के मुताबिक, लड़की के पिता जगदीश और भाई संतोष के कहने पर जब सिमर अपने पति आनंद को तलाक (डाइवोर्स) देने के लिए तैयार हुई, तो इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद गहरा गया।
बातचीत से शुरू हुई बहस देखते ही देखते मारपीट में बदली
शनिवार की रात तलाक के मुद्दे पर दोनों पक्षों के लोग बातचीत के लिए जमा हुए थे। हालांकि, बातचीत के दौरान ही कहासुनी शुरू हो गई और दोनों ओर से तीखी बहस होने लगी। माहौल बिगड़ते ही मामला हाथापाई और मारपीट तक पहुँच गया। हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
लिखित शिकायत मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई: पुलिस
मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम ने स्थिति को तुरंत संभाला। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह पूरी तरह से पारिवारिक विवाद का मामला है। फिलहाल स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन प्राप्त होता है, तो मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सुमित कुमार की रिपोर्ट