Bihar Politics: कौन किससे पूछ रहा है....'मुख्यमंत्री कौन' के सवाल पर विजय चौधरी का छलका दर्द, भाजपा पर खूब बोले...

Bihar Politics: बिहार का अगला सीएम कौन होगा इसको लेकर सियासी सरगर्मी हाई है। इसी बीच विजय चौधरी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अगला सीएम कौन होगा ये तो बीजेपी को तय करना है...

विजय चौधरी
विजय चौधरी का बयान - फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार में राजनीतिक हलचल सातवें आसमान पर है। नई सरकार के गठन और सीएम नीतीश के इस्तीफे को लेकर कयासों के बाजार गर्म है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने पहुंचे। बता दें कि 12 घंटे में दूसरी बार सम्राट चौधरी सीएम आवास पहुंचे हैं। शनिवार को देर शाम भी सीएम नीतीश और सम्राट चौधरी में मुलाकात हुई थी। वहीं सुबह सुबह सम्राट एक बार फिर सीएम आवास पहुंच गए हैं। जानकारी अनुसार दोनों के बीच 25 मिनट तक बातचीत हुई। जिसके बाद सम्राट चौधरी लौट गए। दोनों के बीच हुई मुलाकात के बाद बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने अगले मुख्यमंत्री को लेकर भी बयान दिया। 

भाजपा तय करेगा सीएम कौन 

विजय चौधरी ने कहा कि, सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरु होने वाली है। चंद दिनों में सब कुछ फाइनल हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि टाइमलाइन भी जल्द ही सभी को पता चल जाएगा। वहीं जब पत्रकारों ने विजय चौधरी से सवाल किया कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। इस सवाल पर विजय चौधरी ने कहा कि, "कौन किससे पूछ रहा है...ये तो भारतीय जनता पार्टी को तय करना है और इस मायने में भारतीय जनता पार्टी की अपनी प्रक्रिया होती है उनकी अनुशंसा पर एनडीए का विधायक दल जिसे नेता चुनेगा। मुख्यमंत्री वही बनेगा। 

विधायक दल की बैठक में होगा चयन 

विजय चौधरी ने आगे कहा कि एनडीए के सारे विधायक मिलकर नेता चुनेंगे। इसमें भाजपा की अहम भूमिका है वो लोग तय कर के बताएंगे और फिर एनडीए के विधायक दल की बैठक होगी और वो लोग विचार करके बताएंगे। जिसको नेता चुना जाएगा वो मुख्यमंत्री बनेंगे। वहीं कैबिनेट को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कैबिनेट होने की संभावना है लेकिन अभी तय नहीं हुआ है कि कब होगा। 

14 अप्रैल को नीतीश देंगे इस्तीफा 

मौजूदा सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक 13 या 14 अप्रैल को होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अगर बैठक होती है तो इससे जुड़ा नोटिफिकेशन आज शाम तक जारी किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में नए नेता का चयन होगा और 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण प्रस्तावित है।

पटना से रंजन की रिपोर्ट