Patna Metro: पटना की जमीन के नीचे बन रहा नया शहर, मेट्रो कॉरिडोर-2 के निर्माण कार्य में प्रगति, 12 स्टेशनों को जोड़ेगा नेटवर्क, जानिए मेट्रो का पूरा प्लान
Patna Metro: राजधानी पटना में अब शहर सिर्फ ऊपर नहीं, बल्कि जमीन के नीचे भी तेजी से आकार ले रहा है।...
Patna Metro: राजधानी पटना में अब शहर सिर्फ ऊपर नहीं, बल्कि जमीन के नीचे भी तेजी से आकार ले रहा है। विकास की इस बड़ी योजना के तहत पटना मेट्रो परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में दिख रहा है। इसी सिलसिले में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने शहरी विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार के साथ मीठापुर स्ट्रेच (PC-01) और मोइनुल हक स्टेडियम स्टेशन (PC-03) के अंडरग्राउंड हिस्सों का गहन निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि अधिकारी खुद उस सुरंग तक पहुंचे जहां टनल बोरिंग मशीन (TBM) लगातार जमीन के भीतर रास्ता तैयार कर रही है।
यह पूरा इलाका अब एक साइलेंट अंडरग्राउंड सिटी की शक्ल लेता जा रहा है, जहां आधुनिक तकनीक के जरिए पटना की नई ट्रांसपोर्ट लाइफलाइन तैयार हो रही है। मुख्य सचिव ने सुरक्षा मानकों, निर्माण गुणवत्ता और तकनीकी प्रगति का बारीकी से जायजा लिया और साफ कहा कि किसी भी हाल में देरी बर्दाश्त नहीं होगी। इस परियोजना में दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी), एल एंड टी और पीएमआरसीएल जैसी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। कॉरिडोर-2, जो शहर के 12 अहम स्टेशनों को जोड़ता है, को लेकर विशेष तेजी दिखाई जा रही है। यह हिस्सा पटना के ट्रैफिक संकट को कम करने की दिशा में बेहद अहम माना जा रहा है।
तकनीकी रूप से यह परियोजना बेहद जटिल है जहां कुछ हिस्सों में सुरंग 22 मीटर तक गहराई में बनाई जा रही है और रेलवे ट्रैक के नीचे से भी सुरक्षित टनलिंग की जा रही है। विशेषज्ञ टीम हर चरण पर निगरानी रख रही है ताकि किसी तरह का जोखिम न हो। मोइनुल हक से लेकर राजेंद्र नगर तक अंडरग्राउंड काम जारी है, जबकि मलाही पकड़ी स्टेशन लगभग तैयार है और वहां ट्रायल रन भी हो चुके हैं। हालांकि फायर सेफ्टी एनओसी के बाद ही नियमित संचालन शुरू होगा।
फिलहाल भूतनाथ से पाटलिपुत्र तक मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है। आने वाले दिनों में मलाही पकड़ी से भी सेवा शुरू होने की उम्मीद है। कुल मिलाकर पटना मेट्रो अब सिर्फ एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि शहर के नए युग की नींव बनती जा रही है जहां जमीन के नीचे बन रही सुरंगें, ऊपर की जिंदगी को बदलने वाली हैं।