Bihar News : पटना में रील बनाना पड़ा भारी, सोशल मीडिया पर हथियार चमकाने वाले युवक समेत दो गिरफ्तार, दो नाबालिग भी धराये

Bihar News : पटना में सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में हथियारों का प्रदर्शन करना एक युवक को बेहद महंगा पड़ गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : पटना में रील बनाना पड़ा भारी, सोशल मीडिया पर हथ
हथियार लहराना पड़ा महंगा - फोटो : RANJEET

PATNA : पटना में सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन करना एक युवक को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए खाजेकलां थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधिविरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। साथ ही दो देशी कट्टे, एक देशी पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। 

वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की निगरानी में अवैध हथियारों की बरामदगी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत खाजेकलां थाना को एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें एक युवक हथियार का प्रदर्शन करता हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने संबंधित युवक को थाना बुलाकर पूछताछ की। 

पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो में वही है। उसने यह भी बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार उसके दोस्त का है। पूर्वी एसपी शैलजा कुमारी ने बताया कि युवक की निशानदेही पर छापेमारी की गई, जहां से एक देशी पिस्टल (मैगजीन सहित), एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। 

इसके अलावा एक अन्य छापेमारी में पुलिस ने एक देशी कट्टा बरामद करते हुए दो विधिविरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया। पूरे अभियान के दौरान कुल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और दो विधिविरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध हथियार रखने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

रंजीत की रिपोर्ट