पटना में 25 मई से तीन दिवसीय महा-रोजगार मेला: 20 हजार युवाओं को 'ऑन स्पॉट' नौकरी देने का लक्ष्य

नौकरी की तलाश में जुटे बिहार के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार द्वारा इस माह तीन दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 20 हजार से अधिक को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा.....

पटना में 25 मई से तीन दिवसीय महा-रोजगार मेला: 20 हजार युवाओं

Patna : बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में आगामी 25, 26 और 27 मई 2026 को पटना के ज्ञान भवन में राज्य स्तरीय स्वास्थ्य एवं रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। विभाग के सचिव डॉ. कौशल किशोर ने इस संबंध में बताया कि इस मेले के माध्यम से लगभग 20 हजार युवाओं को मौके पर ही (ऑन स्पॉट) रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस पहल का उद्देश्य राज्य के प्रशिक्षित युवाओं को बेहतर करियर के अवसर प्रदान करना है।


देश-विदेश की 100 से अधिक नामचीन कंपनिया होंगी शामिल 

इस रोजगार मेले में स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों की 100 से अधिक प्रतिष्ठित संस्थाएँ शिरकत करेंगी। इनमें अपोलो हॉस्पिटल्स (Apollo Hospitals), फोर्ड हॉस्पिटल (Ford Hospital), एमजीएम कॉलेज (MGM College), मेडिमिक्स हेल्थकेयर (Medimix Healthcare) और केयर फर्स्ट (Care First) जैसे बड़े नाम शामिल हैं। विभाग के अनुसार, यह मेला न केवल देश के भीतर बल्कि विदेशों में भी युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोलेगा, जो बिहार के श्रम बल के लिए एक बड़ा अवसर है।


नर्सिंग से लेकर पीएचडी धारकों तक के लिए मौका 

मेले में विभिन्न शैक्षणिक योग्यता वाले युवाओं के लिए पदों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है। इसमें एएनएम (ANM), जीएनएम (GNM), नर्सिंग, मैन्युफैक्चरिंग, होम अटेंडेंट और जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (GDA) जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो 10वीं, 12वीं, बीएससी, बीकॉम, बी.फार्मा, एम.फार्मा, आईटीआई, डिप्लोमा से लेकर मास्टर्स, पीएचडी और नेट क्वालीफाई (NET Qualified) अभ्यर्थी भी इस मेले में अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार पा सकेंगे।


प्रखंड से मुख्यालय तक युद्ध स्तर पर तैयारी जारी 

मेले की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सचिव ने बताया कि अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी के लिए प्रखंड स्तर से लेकर मुख्यालय तक के अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। यह आयोजन स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की कमी को दूर करने और राज्य के कौशल विकास मिशन को नई ऊँचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


ऐसे करें पंजीकरण और प्राप्त करें जानकारी 

विभाग ने इच्छुक युवाओं से बड़ी संख्या में इस मेले का लाभ उठाने की अपील की है। मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट https://detjob.bihar.gov.in/registration पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा, विभाग द्वारा जारी क्यूआर (QR) कोड को स्कैन कर भी आवेदन किया जा सकता है। अधिक जानकारी या किसी भी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1800 296 5656 पर संपर्क किया जा सकता है।


देवांशु प्रभात की रिपोर्ट